फिरोजपुर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में 30 सितंबर का जिक्र; तलाशी में नहीं मिला संदिग्ध सामान
फिरोजपुर के कई स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाला ई-मेल मिला। पुलिस ने स्कूलों और छात्रावासों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद खुले में बैठे स्टूडेंट्स।
HighLights
फिरोजपुर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
ई-मेल में 30 सितंबर को धमाके की बात कही गई थी।
पुलिस ने तलाशी ली, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। वीरवार सुबह फिरोजपुर के कई स्कूलों बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ई-मेल में 30 सितंबर को बम धमाके करने की धमकी दी गई थी। संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र किया गया था। इसके अलावा पंजाब में खालिस्तान से संबंधित आपत्तिजनक और भड़काऊ संदेश लिखे होने की जानकारी सामने आई।
ई-मेल में अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर के पुलिस थानों पर ग्रेनेड हमले की धमकी भी दी गई थी। स्कूल ऑफ एमिनेंस के प्रिंसिपल राजेश मेहता को वीरवार सुबह करीब पौने दस बजे स्कूल की आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिला।
उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम स्कूल परिसर में पहुंच गई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को कक्षाओं से बाहर निकालकर स्कूल के मैदान में बैठाया गया। पुलिस ने कक्षाओं, कमरों, परिसर और छात्रावास की बारीकी से जांच की। काफी देर तक चले तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को वापस कक्षाओं में भेज दिया गया। स्कूल में छुट्टी नहीं की गई।
यह भी पढ़ें- जालंधर में अपनी गाड़ी में पेट्रोल-डीजल डलवाने से पहले जानें नया आदेश, वरना पंप से खाली हाथ लौटना पड़ेगा घर
आसपास के स्कूलों में भी पहुंची पुलिस
ई-मेल में कई स्कूलों का उल्लेख होने के कारण पुलिस ने आसपास के शिक्षण संस्थानों में भी सुरक्षा जांच की। स्कूल ऑफ एमिनेंस के साथ लगते सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी पुलिस टीम पहुंची। वहां विद्यार्थियों की परीक्षा चल रही थी। अधिकांश विद्यार्थी परीक्षा देकर जा चुके थे। परिसर में मौजूद विद्यार्थियों को एहतियात के तौर पर घर भेज दिया गया और पूरे स्कूल की तलाशी ली गई।
जिले के अन्य स्कूलों में भी पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से जांच की। जहां पुलिस टीम पहुंची, वहां विद्यार्थियों को कुछ समय के लिए कक्षाओं से बाहर रखा गया। तलाशी पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य होने पर विद्यार्थियों को वापस भेजा गया।
यह भी पढ़ें- इंदरजीत की गिरफ्तारी से बर्खास्त राजजीत के सरेंडर तक, 9 साल में खुलीं खाकी-ड्रग्स तस्करी के सांठगांठ की परतें
अभिभावकों में भी बनी चिंता
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद विद्यार्थियों के अभिभावकों में भी चिंता का माहौल रहा। कई अभिभावक स्कूलों के आसपास पहुंच गए और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जानकारी लेते रहे। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तलाशी के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश
पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश किस स्थान या माध्यम से भेजा गया और इसके पीछे कौन है। पुलिस ई-मेल की सामग्री और उसमें किए गए दावों की भी जांच कर रही है।
पंजाब में इससे पहले भी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कई मामलों में तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली थी। फिलहाल फिरोजपुर में भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों और स्कूलों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
