विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब चुनाव 2027: 45 KM की साइकिल यात्रा, सिर्फ 1500 मीटर ही चला पाए पूर्व CM चन्नी; आगे का सफर गाड़ी में तय किया

By Dinesh SharmaEdited By: Prince Sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 09:37 AM (IST)

पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' में विवाद खड़ा हो गया, क्योंकि उन्होंने 45 किमी में ...और पढ़ें

चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल रैली (जागरण फोटो)

चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल रैली (जागरण फोटो)

HighLights

  1. चन्नी ने 45 किमी यात्रा में सिर्फ डेढ़ किमी साइकिल चलाई।

  2. नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ 'जवानी संभाल यात्रा' शुरू की।

  3. यात्रा के दौरान चन्नी ने AAP सरकार को निशाना बनाया।

दिनेश शर्मा, जालंधर। विधानसभा चुनाव 2027 की घोषणा कभी भी हो सकती है। सभी पार्टियों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर राजनीतिक बिसात बिछा दी है और उस पर अपनी-अपनी चाल चलनी भी शुरू कर दी है। इस बार के चुनाव में भी राजनीतिक दलों ने नशे को अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया है।

कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने नशे और गैंगस्टरों के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए 12 नवंबर से चमकौर साहिब से जवानी संभाल साइकिल यात्रा शुरू की है। शनिवार को इस यात्रा का तीसरा दिन था। जालंधर के नूरमहल से सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई यात्रा शाम छह बजे शाहकोट पहुंची।

करीब डेढ़ किलोमीटर ही चला पाए साइकिल

इस दौरान यात्रा ने सात घंटे में दो विधानसभा क्षेत्रों नकोदर व शाहकोट में करीब 45 किलोमीटर का सफर तय किया, लेकिन इस पूरे सफर में पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद यात्रा की शुरुआत में महज डेढ़ किलोमीटर (1,500 मीटर) ही साइकिल के पैडल चलाए। उन्होंने बाकी यात्रा गाड़ी से पूरी की।

नूरमहल से निकलने के बाद उनकी साइकिल भी गाड़ी की सवारी करती रही, जिसकी देखरेख खुद एक सरपंच करते रहे। चमकौर साहिब से शुरू की गई यात्रा में एक हजार से अधिक साइकिल सवार चल रहे हैं। इनमें से अधिकतर साइकिल सवार चमकौर साहिब हलके के हैं। उन्हें यह साइकिल चन्नी ने उपलब्ध करवाए हैं।

जवानी संभाल यात्रा के दौरान चन्नी के साथ कपूरथला के विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत, नकोदर हलके से पूर्व विधायक डा. दहिया, शाहकोट हलके के विधायक लाडी शेरोवालिया भी मौजूद रहे। कुछ जगह करतारपुर से कांग्रेस नेता राजिंदर सिंह भी पहुंचे और शाम को शाहकोट में आदमपुर के विधायक सुखविंदर कोटली ने भी शिरकत की।

संरिह गांव में कम भीड़ पर देनी पड़ी सफाई

नूरमहल से निकलने के बाद यात्रा संरिह गांव पहुंची। संरिह वही गांव था जहां कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोक मिलनी की थी। यहां उम्मीद से कम भीड़ देख चन्नी ने भी अपनी बात मंच से पांच मिनट में ही खत्म कर दी।

लाडी शेरोवालिया ने सफाई में कहा कि इस कार्यक्रम में सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी बुलाया है। आने वाले दिनों में नकोदर में डॉ. दहिया इतनी बड़ी रैली करवाएंगे जो ऐतिहासिक होगी।

निशाने पर आप सरकार, भाजपा और शिअद का जिक्र भी नहीं

चन्नी ने जवानी संभाल यात्रा के दौरान नूरमहल, संरिह, शंकर, ढंढेवाल गांव में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर केवल पंजाब सरकार रही। भाजपा और अकाली दल को लेकर कुछ नहीं कहा। चन्नी ने कहा कि जवानी संभाल यात्रा पंजाब के घर-घर की कहानी है। हर परिवार नशे का रोना रो रहा है। गैंग्सटरबाद इतना बढ़ गया है कि लोगों को रंगदारी के फोन आ रहे हैं।

उन्होंने जीरा हलके के गुरप्रीत सेखों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस पर 47 केस हैं। वह जेल में था। उसके साथी गैंग्सटरों ने एक हजार गोलियां चलाईं और उसे छुड़ाया। उसे आम आदमी पार्टी में शामिल किया गया। चन्नी ने कहा कि राज्य सरकार क्या संदेश दे रही है कि अगर विधायक या मंत्री बनना है तो गैंगस्टर बनो।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और बीजेपी में सीट बंटवारे पर बनी सहमति, इसी महीने हो सकता है गठबंधन

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल और बासमती चावल के ताजा रेट्स जारी, जानें पंजाब के प्रमुख मंडियों में अनाज-दाल और कपास के भाव

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।