विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और बीजेपी में सीट बंटवारे पर बनी सहमति, इसी महीने हो सकता है गठबंधन

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:16 AM (IST)

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए शिअद और भाजपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। दोनों ...और पढ़ें

सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शिअद-भाजपा में सीट बंटवारे पर बनी सहमति

  2. इसी महीने हो सकता है गठबंधन का औपचारिक एलान

  3. भाजपा अब जूनियर पार्टनर की भूमिका नहीं चाहती

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच दोबारा गठबंधन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीटों पर सहमति बन चुकी है और इसी महीने गठबंधन का औपचारिक एलान हो सकता है।

भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल 17 नवंबर को पंजाब आएंगे। वह चंडीगढ़ में प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। उनके दौरे को गठबंधन की संभावनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जल्द मुलाकात हो सकती है।

इसमें सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा की संभावना है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कुछ दिन पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान गठबंधन के साथ-साथ पंजाब के मुद्दों और नशे की समस्या पर चर्चा हुई थी।

2020 में बीजेपी और अकाली दल के बीच टूटा था गठबंधन

अकाली दल ने सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ करीब 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। पुराने समझौते के तहत विधानसभा चुनाव में भाजपा 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था।

हालांकि, भाजपा नेताओं के संकेत हैं कि पार्टी गठबंधन में जूनियर पार्टनर की भूमिका स्वीकार करने को तैयार नहीं है।

सुखबीर बादल ने भी दो नवंबर को गठबंधन के सवाल पर कहा था कि कुछ दिनों में सबको पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को छोड़कर अन्य दलों के साथ गठबंधन की संभावना खुली रखी थी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने शनिवार को कहा कि गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। उनके अनुसार, कुछ नेताओं और आम लोगों का मानना है कि गठबंधन से चुनाव जीतना आसान होगा, जबकि भाजपा की कोर टीम के पुराने कार्यकर्ता इसके पक्ष में नहीं हैं।

चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए आरएसएस ने भी संभाला मोर्चा

पंजाब में भाजपा की चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए आरएसएस ने सक्रियता बढ़ाई है। शुक्रवार देर शाम चंडीगढ़ में हुई बैठक में 2027 के चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।

संघ के संयुक्त महासचिव और उत्तरी राज्यों के प्रभारी अरुण कुमार ने भाजपा नेताओं को बूथ स्तर पर सूक्ष्म प्रबंधन और संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए।

वर्ष 2022 के चुनावी आंकड़ों के आधार पर करीब 5,900 ऐसे बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई, जहां भाजपा एक से 100 वोटों के अंतर से चुनाव हार गई थी। बैठक में केवल सिंह ढिल्लों, तरुण चुग, सतीश पूनिया, विजय सांपला, सुनील जाखड़, और मंत्री श्रीनिवासुलु मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- 11 साल से हरियाणा में अल्पसंख्यक आयोग गठित नहीं, पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल और बासमती चावल के ताजा रेट्स जारी, जानें पंजाब के प्रमुख मंडियों में अनाज-दाल और कपास के भाव

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।