Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Operation Lotus पर जालंधर में भाजपा-आप के बीच घमासान, विधायक अंगुराल और अरोड़ा पर मानहानि का केस करने का एलान

    By Manoj TripathiEdited By:
    Updated: Mon, 03 Oct 2022 08:09 PM (IST)

    जालंधर के विधायकों शीतल अंगुराल और रमन अरोड़ा ने आपरेशन लोटस के तहत भाजपा पर उनके विधायक तोड़ने के प्रयास के आरोप लगाए हैं। उधर भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने आप विधायकों के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर खरीद फरोख्त के आरोपों को झूठ का पुलिंदा बताया है।

    Hero Image
    जालंधर के आप विधायक रमन अरोड़ा और शीतल अंगुराल।

    मनोज त्रिपाठी, जालंधर। आपरेशन लोटस को लेकर आम आदमी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। चार दिन पहले जालंधर में भाजपा ने 'जनता दी विधानसभा' लगा आप सरकार को जनहित के मुद्दों सहित कानून व्यवस्था को लेकर कटघरे में खड़ा किया था। उसके बाद अब सोमवार को आप विधायक शीतल अंगुराल व रमन अरोड़ा ने मोहाली में विजिलेंस द्वारा गठित विशेष जांच टीम (एसआइटी) के सामने केंदीय मंत्री का नाम ले लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस घटनाक्रम के बाद भाजपा नेता और आक्रामक हो गए हैं। पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया और वरिष्ठ नेता मोहिंदर भगत व राकेश राठौर ने कहा कि दोनों विधायकों के खिलाफ मानहानि का दावा किया जाएगा। कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

    हम किसी कार्रवाई से नहीं डरने वाले

    उधर विधायक अंगुराल व अरोड़ा ने कहा है कि वह किसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। कालिया ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर खरीद फरोख्त के आरोपों को झूठ का पुलिंदा बताया है। कालिया ने कहा कि अगर विधायकों को पहले ही पता था कि अनुराग ठाकुर ने उन्हें खरीदने की आफर दी है तो जिस दिन विधायकों ने शिकायत दर्ज करवाई थी, उस दिन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस क्यों दर्ज हुआ। विधायकों ने उस समय ही क्यों नहीं बताया कि अनुराग ठाकुर के खिलाफ शिकायत दर्ज की जाए।

    कालिया ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने यह षडयंत्र रचा है। झूठे आरोपों को लेकर भाजपा आप के दोनों विधायकों पर मानहानि का केस करेंगी। पूर्व मेयर राकेश राठौर ने कहा कि अनुराग ठाकुर पर आप के दोनों विधायकों के झूठे आरोपों से यह साफ है कि आप पार्टी सुर्खियों में रहने के लिए कुछ भी कर सकती है।

    इन दोनों विधायकों के साथ ही यह सब क्यों हो रहा है। कभी इनको गैंगस्टर की तरफ से धमकियां मिल रही हैं, कभी इनको भाजपा से खरीदने के आफर मिल रहे हैं। इन्होंने जब डीजीपी को बयान दिए थे देश के गृहमंत्री अमित शाह का नाम लिया था। उस वक्त अनुराग ठाकुर का नाम क्यों नहीं लिया गया। यह सब भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने की साजिश मात्र है।

    प्रवक्ता मोहिंदर भगत ने कहा कि इनके पास कोई सबूत नहीं है। यह झूठ के सहारे सस्ती लोकप्रियता लोगों का ध्यान भटका रहे हैं। हकीकत में सरकार लोगों से किए वायदों पर खरी नहीं उतरी है। इसी कारण लोगों का ध्यान असली मुद्दे से भटकाने के लिए जालंधर के दोनों विधायकों की यह चाल है।

    मैने फोन नंबर विजिलेंस को दे दिया हैःअरोड़ा

    विधायक रमन अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने जिस फोन नंबर से उन्हें काल आई थी वह नंबर विजिलेंस को दे दिया है। फोन करने वाले ने कहा था कि भाजपा में शामिल हो जाओ 25 करोड़ देंगे। फोन करने वाला मुझसे कभी मिला नहीं। बाकी जांच में क्या निकलता है समय बताएगा।

    एसआइटी ने बुलाया था, मैंने सारे सबूत दे दिए, किसी का डर नहीं : शीतल शीतल

    अंगुराल ने कहा कि एसआइटी ने सोमवार को बयान देने के लिए बुलाया था। वहां पेश होकर बयान दे दिए हैं। मैने रिकार्डिंग व स्टिंग किया था। काला कोट पहनकर दो लोग मुझसे मिलने आए थे। मुझे नहीं पता कि वह वकील थे या नहीं, लेकिन खुद को वकील बता रहे थे। उन्होंने 25 करोड़ की पेशकश की थी। साथ ही कहा था कि कैबिनेट मंत्री व परिवार में किसी एक को चेयरमैन बनाएंगे। पहले केन्द्रीय मंत्री से मिलना होगा, उसके बाद अगली मुलाकात में सब फाइनल होगा। मैं डरता नहीं। कानून का पालन कर रहा हूं। भाजपा जो मर्जी कार्रवाई करे।