BJP नेता अजय चोपड़ा AAP में शामिल, अमन अरोड़ा बोले- निगम चुनाव में वफादार कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा टिकट
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नए अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने ऐलान किया है कि आगामी निगम चुनाव 2024 में पार्टी अपने वफादार कार्यकर्ताओं को टिकट के लिए प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति वफादारी चुनाव जीतने की संभावनाएं और साफ सुथरा व्यक्तित्व टिकट वितरण का पैमाना बनेंगे। विपक्षी दलों के नेताओं को भी टिकट दिया जा सकता है लेकिन उन्हें पहले पार्टी ज्वाइन करनी होगी।

जागरण संवाददाता, जालंधर। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नवनियुक्त अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि आगामी निगम चुनाव 2024 में पार्टी अपने वफादार कार्यकर्ताओं को टिकट के लिए अधिमान देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति वफादारी, चुनाव जीतने की संभावनाएं और साफ सुथरा व्यक्तित्व टिकट वितरण का पैमाना बनेंगी।
स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि हालांकि साफ सुथरे व्यक्तित्व वाले विपक्षी दलों के नेताओं को पार्टी की तरफ से उम्मीदवार बनाए जाने के विकल्प भी खुले हैं, लेकिन पहली प्राथमिकता पार्टी के ही कार्यकर्ताओं की रहेगी।
अमन अरोड़ा ने कहा कि आप पंजाब की तरफ से आगामी तीन दिन तक नगर निगम चुनाव की टिकट लेने के इच्छुक लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन भी टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सबसे पहले ज्वाइन करना होगा पार्टी
टिकट देने से पहले पार्टी के प्रति सेवाओं प्रतिबद्धता और जीतने की संभावनाओं को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी विचार करेगी और उसके बाद ही टिकट फाइनल की जाएगी। अमन अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि इच्छुक विपक्षी पार्टियों के नेताओं को टिकट के लिए आवेदन करने से पहले पार्टी ज्वाइन करना जरूरी होगा।
पार्टी सिर्फ उन्हीं नेताओं को ज्वाइन कराएगी, जिनका व्यक्तित्व साफ सुथरा होगा। इसमें कोई पूर्व कैबिनेट मंत्री विधायक अथवा पार्षद भी शामिल हो सकता है। पार्टी में प्रत्येक शामिल होने वाले विपक्षी पार्टियों के नेताओं के बारे आप अपने पदाधिकारियों के साथ गंभीरता से विचार करेगी और उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
सुनील जाखड़ पर किया हमला
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ की तरफ से पंजाब सरकार पर धान खरीद को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि अब तो भाजपाइयों को भी नहीं पता है कि उनका प्रदेश अध्यक्ष कौन है?
सुनील जाखड़ को घर बैठकर आधारहीन बयानबाजी करने की बजाय केंद्र से पंजाब के रोके गए फंड दिलाने चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की तरफ से पंजाब के ग्रामीण विकास फंड समेत अन्य फंड रोके गए हैं, जिन्हें जल्द रिलीज किया जाना चाहिए।
सुनील जाखड़ के फसलों के एमएसपी को लेकर दिए बयान बड़े अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्र से आने वाली यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर होती है। श्री अकाल तख्त साहिब की तरफ से मनजिंदर सिंह सिरसा को तलब किए जाने बड़े अमन अरोड़ा ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सर्वोच्च संस्था है और अगर मनजिंदर सिंह सिरसा को बुलाया गया है तो उन्हें हाजिर होकर जवाब देना चाहिए।
इससे पहले अमन अरोड़ा और वर्किंग प्रेसिडेंट अमन शेर सिंह शैरी कलसी का सर्किट हाउस पहुंचने पर कार्यकर्ताओं, नेताओं, विधायकों एवं कैबिनेट मंत्री की तरफ से ढोल की थाप पर फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। अमन अरोड़ा ने बंद कमरे में निगम चुनाव को लेकर जालंधर के पदाधिकारियों के साथ निगम चुनाव की रणनीति को लेकर भी चर्चा की।
भाजपा नेता अजय चोपड़ा को आप में शामिल
आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सर्किट हाउस में पहुंचते ही भाजपा के जिला सचिव अजय चोपड़ा को आप में शामिल किया। इस मौके पर आप पंजाब के वर्किंग प्रेसिडेंट अमनशेर सिंह शैरी कलसी, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, विधायक रमन अरोड़ा, विधायक इंद्रजीत कौर मान, विधायक बलकार सिंह, दीपक बाली, राजविंदर कौर थियाड़ा, मंगल सिंह समेत आप के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।