विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अरविंद केजरीवाल बोले- पंजाब में सिख ही होगा AAP का सीएम उम्मीदवार, समय आने पर करेंगे नाम घोषित

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Mon, 21 Jun 2021 01:52 PM (IST)Updated: Mon, 21 Jun 2021 09:37 PM (IST)

आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज पंजाब के दौरे पर हैं। अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केजरीवाल ने कहा ...और पढ़ें

अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत करते अरविंद केजरीवाल, साथ हैं भगवंत मान, कुंवर विजय प्रताप व अन्य। जागरण
अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत करते अरविंद केजरीवाल, साथ हैं भगवंत मान, कुंवर विजय प्रताप व अन्य। जागरण

अमृतसर [नितिन धीमान]। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब का सीएम सिख चेहरा ही होगा और वह ऐसा चेहरा होगा जिस पर पंजाब को नाज होगा। समय आने पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में सीएम पद का हकदार सिख ही हो सकता है और समय आने पर आप अपने सीएम पद के उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि दुनियाभर मे पंजाब ही एक ऐसा राज्य है जिसका मुख्यमंत्री सिख समाज से होता है। पार्टी का यह मानना है कि यह सिख समाज का हक है और यह हक उन्हें ही मिलेगा। केजरीवाल सोमवार को अमृतसर में सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान केजरीवाल व पार्टी विधायकों की उपस्थिति में आईपीएस कुंवर विजय प्रताप सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

केजरीवाल ने कहा कि कुंवर विजय प्रताप नेता नहीं, न ही उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि में कोई नेता है। मैं भी नेता नहीं हूं। हमारी पार्टी नेताओं की नहीं। हम देश के लिए, समाज के लिए आए हैं। इसी भावना के साथ आज कुंवर विजय ने पार्टी का दामन थामा है। इनके विरोधी भी इनकी ईमानदारी का लोहा मानते हैं। बरगाड़ी कांड में पंजाब के लोगों को न्याय दिलाने के लिए इन्होंने संघर्ष किया। बरगाड़ी में बेअदबी हुई, फिर गोलीकांड हुआ। इसके मास्टरमाइंड खुलेआम घूम रहे हैं। कुंवर ने जांच की। मास्टरमाइंड के खिलाफ सुबूत जुटाए, पर सिस्टम ही इनके खिलाफ हो गया। सिस्टम में रहकर जब कुंवर कुछ नहीं कर पाए तो इन्होंने इस्तीफा दिया। पंजाब के लोगों को बरगाड़ी कांड में न्याय नहीं मिला, आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर इस घटना के मास्टरमाइंड को सजा दिलवाएंगे।

केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब बुरे दौर से गुजर रहा है। सत्ताधारी पार्टी के नेता आपस में लड़ रहे हैं। यह लड़ाई कुर्सी की है। राज्य की जनता कोरोना से त्रस्त थी, ऐसे समय में जनता सोचती है कि सरकार हमारे काम आएगी। उस वक्त इनके बीच लड़ाई छिड़ी थी। अकाली दल का नाम लिए बगैर बोले इनके ऊपर भ्रष्टाचार और बेअदबी के आरोप लगे हैं। भाजपा का नाम लिए बगैर बोले इनके नेताओं को लोग अपने मोहल्ले में नहीं घुसने देते। आज पंजाब की चिंता किसी को नहीं। पंजाब के लोग कहां जाएं।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों ने आम आदमी पार्टी को एक बार अवसर दिया। दिल्ली में बिजली फ्री हो गई। मोहल्ला क्लिनिक खोल दिए गए। सरकारी स्कूलों व अस्पतालों की दशा बदल दी गई। अब पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं। उनके पास विकल्प भी है। एक बार मौका मिले तो पंजाब के तीन करोड़ लोगों की उम्मीदों, आकांक्षाओं पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर पार्टी के पंजाब प्रधान भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल चीमा, पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह, सहप्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद थे।