भाजपा नेता पर होशियारपुर में जानलेवा हमला, अज्ञात युवकों ने दुकान पर धारदार हथियारों से वार कर घायल किया
पंजाब के होशियारपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह राणा और उनके साथी पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल भाजपा नेता को संभालते हुए लोग।
HighLights
भाजपा नेता रंजीत राणा पर जानलेवा हमला हुआ।
अज्ञात हमलावरों ने दुकान पर धारदार हथियारों से वार किया।
घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी है।
डिजिटल डेस्क, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह राणा और उनके एक साथी पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह खौफनाक वारदात उनकी अपनी दुकान पर अंजाम दी गई, जहां बदमाशों ने तेजधार हथियारों से वार कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात की है। भाजपा नेता रंजीत सिंह राणा अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश या अन्य किसी रंजिश के चलते उन्होंने धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले में रंजीत सिंह राणा के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका साथी भी बुरी तरह जख्मी हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को इलाज के लिए होशियारपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। होशियारपुर शहर के थाना प्रभारी (एसएचओ) सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बुधवार को मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- LIVE: परविंदर सिंह झोटा मामले में बनी SIT के साथ बैठक शुरू, पत्नी बोली- संघर्ष कमेटी की सहमति पर होगा पोस्टमार्टम
जल्द बयान दर्ज करेगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक घायलों के औपचारिक बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं, क्योंकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखा जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
