केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश को बताई समस्याएं
हलका उड़मुड़ टांडा से शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के इंचार्ज व समाज सेवक मंजीत सिंह दसूहा ने हलका उड़मुड़ से संबंधित अहम समस्याओं संबंधी केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश से विशेष बैठक की।

संवाद सहयोगी, टांडा उड़मुड़ : हलका उड़मुड़ टांडा से शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के इंचार्ज व समाज सेवक मंजीत सिंह दसूहा ने हलका उड़मुड़ से संबंधित अहम समस्याओं संबंधी केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश से विशेष बैठक की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को समस्याओं से अवगत करवाते हुए कहा कि राज्य में नई सरकार के बनने के बाद से गांवों के विकास कार्य रुक गए हैं। पंजाब सरकार ने पंचायतों को ग्रांट देनी तो क्या बल्कि पंचायतों से उलटा ग्रांट वापस ले ली है। इससे पंचायतों में निराशा पाई जा रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से एमपी कोटे में से हलका उड़मुड़ को ग्रांट देने की मांग की। इस दौरान उन्होंने टांडा शहर का सबसे पुराना डाकघर शिफ्ट करने संबंधी लोगों को पेश आ रही समस्याओं के प्रति केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया। इसका मांगपत्र शहर निवासियों की ओर से मंजीत सिंह दसूहा ने केंद्रीय मंत्री को सौंपा। उन्होंने मांग की कि लोगों की समस्याओं को देखते हुए पुराने डाकघर को वहां से शिफ्ट न किया जाए। साथ ही उन्होंने कंडी इलाके की मुख्य समस्या से अवगत करवाते हुए कहा कि कंडी इलाके में मोबाइल की रेंज नहीं आने से वहां के लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जिसके लिए पहल के आधार पर कंडी निवासियों की इस मांग को टावर लगा कर पूरा किया जाए। केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने मंजीत सिंह दसूहा को भरोसा दिलाया कि वे पहल के आधार पर इन समस्याओं को हल करवाएंगे। इस मौके पूर्व जिला परिषद् सदस्य सुखविदर सिंह मूनक, पंचायत सदस्य बलजीत सिंह साबी दाता भी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।