पंजाब में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ED की रेड दूसरे दिन भी जारी, 26 घंटे से जांच में जुटी टीम
ईडी की टीम ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के होशियारपुर स्थित आवास पर दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रखी, जो लगभग 26 घंटे से चल रही है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ED की रेड दूसरे दिन भी जारी (फाइल फोटो)
HighLights
पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ईडी की कार्रवाई जारी
होशियारपुर आवास पर 26 घंटे से अधिक समय से जांच चल रही
ईडी टीम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही
हजारी लाल, होशियारपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के जोधामल रोड स्थित आवास पर मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई जारी रही।
सोमवार तड़के पांच बजे तीन गाड़ियों में पहुंची ईडी की टीम घर के अंदर दाखिल हुई थी। इसके बाद से अधिकारी बाहर नहीं निकले हैं। मंगलवार सुबह तक करीब 26 घंटे बीतने के बावजूद जांच जारी रहने से कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। वहीं, घर के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति को बाहर आने की भी इजाजत नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, सुंदर शाम अरोड़ा भी इस दौरान अपने आवास के अंदर ही मौजूद हैं।
दस्तावेजों को खंगालने में जुटी टीम
ईडी की टीम इतनी लंबी अवधि से किस मामले की जांच कर रही है और किन पहलुओं पर उसका फोकस है, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
अधिकारी भी कार्रवाई के संबंध में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक टीम आवास के अंदर विभिन्न दस्तावेजों को खंगाल रही है।
जांच का दायरा कितना बड़ा है और किन रिकॉर्डों की पड़ताल की जा रही है, इसका खुलासा कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
सभी की नजर कार्रवाई पर टिकी
सोमवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई का मंगलवार को भी जारी रहना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। ईडी की टीम के घर के अंदर ही रहने और आवाजाही पर रोक के चलते हर किसी की नजर इस कार्रवाई पर टिकी है।
फिलहाल न तो तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों या अन्य सामग्री को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है और न ही जांच के संभावित निष्कर्षों पर कुछ कहा गया है।
यह भी पढ़ें- भतीजे के निधन पर जालंधर पहुंचे हनी सिंह, गले लगकर फूट-फूट कर रोए दिनेश औलख; सिंगर की भी आंखें हुईं नम
यह भी पढ़ें- पंजाब और बिहार के बीच दौड़ेंगी 6 जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, चेक करें रूट और पूरा टाइम-टेबल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।