भतीजे के निधन पर जालंधर पहुंचे हनी सिंह, गले लगकर फूट-फूट कर रोए दिनेश औलख; सिंगर की भी आंखें हुईं नम
स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख के निधन पर पंजाबी संगीत जगत में शोक है।

परिवार से मिलने जालंधर पहुंचे हनी सिंह (जागरण फोटो)
HighLights
दिवित औलख का अंतिम संस्कार मंगलवार को जालंधर में होगा।
हनी सिंह ने दिनेश औलख को ढांढस बंधाया, हुए भावुक।
पंजाबी संगीत जगत में दिवित की मौत से शोक की लहर।
जागरण संवाददाता, जालंधर। बस स्टैंड फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्पीड रिकॉर्ड्स कंपनी के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख का अंतिम संस्कार तीन नवंबर, मंगलवार को मॉडल टाउन श्मशानघाट में दोपहर एक बजे होगा। दिवित का भाई मनन विदेश में रहता है।
उसके जालंधर पहुंचने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार मंगलवार को करने का फैसला लिया है। दिवित के निधन की खबर मिलने के बाद पंजाबी संगीत जगत की कई हस्तियां परिवार से मिलने पहुंच रही हैं।

सोमवार को मशहूर गायक और रैपर यो यो हनी सिंह दिवित के घर पहुंचे और दिनेश औलख समेत परिवार के सदस्यों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। बेटे को खोने के गम में टूट चुके दिनेश औलख हनी सिंह के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे।
हनी सिंह ने उन्हें संभालने का प्रयास किया और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत रखने के लिए ढांढस बंधाया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

दिवित की मौत से पंजाबी संगीत जगत में शोक की लहर है। गायक परमीश वर्मा ने परिवार से मिलकर दुख जताया। गायक रेशम सिंह अनमोल भी परिवार से मिलने पहुंचे और दिवित के निधन पर संवेदना व्यक्त की। पुलिस लाइन फ्लाईओवर के पास रविवार को हुए हादसे में दिवित औलख और उनके दोस्त आरव तलवाड़ की मौत हो गई थी।