पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: होशियारपुर में AAP ने पुराने चेहरों पर जताया भरोसा, पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित
आम आदमी पार्टी ने होशियारपुर जिले की पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जिसमें अधिकतर पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)
HighLights
आप ने होशियारपुर की पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे
पार्टी ने अधिकतर मौजूदा विधायकों पर फिर दांव लगाया
मुकेरियां और शामचौरासी पर अभी सस्पेंस बरकरार
हजारी लाल, होशियारपुर। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने होशियारपुर जिले में अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है।
पिछले विधानसभा चुनाव में जिले की सात में से पांच सीटों पर जीत दर्ज कर उत्साहित पार्टी हाईकमान ने इस बार भी पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है।
मुकेरियां और शामचौरासी को छोड़कर बाकी पांच विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए हैं। पार्टी के फैसले से साफ है कि फिलहाल हाईकमान अपने मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और राजनीतिक पकड़ पर ही दांव खेलना चाहती है।
आप की ओर से घोषित उम्मीदवारों में होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा, गढ़शंकर से विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जयकिशन रौड़ी, चब्बेवाल से डॉ. इशांक कुमार, उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा और दसूहा से करमबीर घुम्मन को मैदान में उतारा गया है। इन पांचों नामों पर मुहर लगाकर पार्टी ने दोबारा पुराने चेहरों को मौका देने की रणनीति पर आगे बढ़ने का संकेत दिया है।
राजनीतिक नजरिये से देखें तो आप हाईकमान का यह फैसला मौजूदा विधायकों पर भरोसे की मुहर माना जा रहा है। पार्टी ने नए चेहरों के प्रयोग के बजाय उन नेताओं को प्राथमिकता दी है, जो पिछले चुनाव में जीत हासिल कर विधानसभा तक पहुंचे थे। हालांकि, दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं होने से जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
मुकेरियां में मुल्तानी-साबी के बीच टिकट की खींचतान
मुकेरियां विधानसभा सीट पर आप की स्थिति सबसे ज्यादा दिलचस्प बनी हुई है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले जीएस मुल्तानी को इस बार टिकट मिलने को लेकर असमंजस है। हाल ही में पार्टी में शामिल हुए सरबजीत सिंह साबी को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद टिकट की दौड़ में नया समीकरण बन गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुल्तानी और साबी के बीच टिकट को लेकर अंदरखाते खींचतान चल रही है। ऐसे में हाईकमान ने अभी तक इस सीट पर उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। अब देखना होगा कि पार्टी पुराने उम्मीदवार पर भरोसा जताती है या नए राजनीतिक समीकरण के तहत साबी को मैदान में उतारती है।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: कोटकपूरा से तीसरी उम्मीदवार बने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, AAP नेतृत्व का जताया आभार
शामचौरासी में जेल मंत्री के नाम पर सस्पेंस
शामचौरासी विधानसभा सीट पर भी आप ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इस सीट से मौजूदा विधायक डॉ. रवजोत सिंह हैं, जो पंजाब सरकार में जेल मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इसके बावजूद हाईकमान की ओर से उनके नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पार्टी उन्हें दोबारा मैदान में उतारेगी या कोई नया चेहरा सामने लाएगी।
कुल मिलाकर होशियारपुर जिले में पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ आप ने चुनावी तैयारी का संकेत दे दिया है, लेकिन मुकेरियां और शामचौरासी की टिकटों पर बना सस्पेंस पार्टी की अंदरूनी रणनीति और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
डॉ. रवजोत के नाम पर अभी सस्पेंस
शामचौरासी से मौजूदा विधायक डॉ. रवजोत सिंह पंजाब सरकार में जेल मंत्री हैं। इसके बावजूद पार्टी ने अभी तक उनके नाम की घोषणा नहीं की है। उनकी उम्मीदवारी को लेकर हाईकमान के फैसले का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।