युवक की मौत पर बवाल, इंसाफ के लिए गुरदासपुर में SSP दफ्तर घेरा, SIT की जांच के आश्वासन पर खुला रास्ता
युवक की मौत मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना ...और पढ़ें

एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे परिवारिक सदस्य व रिश्तेदार।
HighLights
तेजिंदर सिंह की हत्या पर परिवार ने एसएसपी दफ्तर घेरा।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया।
परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार किया।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर में तेजिंदर सिंह की हत्या का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। परिवार ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को एसएसपी दफ्तर के सामने धरना लगा दिया। हालांकि पुलिस उच्चाधिकारियों की ओर से मामले की जांच के लिए सिट का गठन करने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
ज्ञात रहे कि गांव भूस में तेजिंदर सिंह 18 सितंबर को गंभीर हालत में मिला था, जिसकी इलाज के दौरान दस दिन बाद मौत हो गई थी। पीड़ित परिवार और किसान संगठनों के नेताओं के रोष के बाद पुलिस ने तेजिंदर सिंह की हत्या के मामले में उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया था, जो पुलिस रिमांड पर चल रही है।
वहीं मृतक के स्वजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता, वे तेजिंदजर सिंह का संस्कार नहीं करेंगे। वहीं एसएसपी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे परिवार और किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करे।

मृतक की फाइल फोटो।
यह भी पढ़ें- सिद्धू मूसेवाला का हत्यारा, FBI का मोस्ट वांटेड... ASI का बेटा गोल्डी बराड़ कैसे बना कुख्यात गैंगस्टर? Inside Story
हत्या से पहले मिल रहीं थी धमकियां
इस दौरान मृतक की मां नरिंदर कौर ने दावा किया कि घटना से कुछ दिन पहले कुछ नौजवानों ने तेजिंदर को सोशल मीडिया के जरिए धमकी दी थी। परिवार ने मांग की कि पुलिस इस कथित धमकी और इससे जुड़े सोशल मीडिया रिकार्ड की भी जांच करे। परिवार का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल रिकार्ड से हो सकती है।
परिवार के मुताबिक घटना से करीब दो दिन पहले तेजिंदर और उसकी प्रेमिका के बीच एक होटल में तकरार हुई थी, जहां उसका मोबाइल तोड़े जाने की बात भी कही गई। बाद में चक्क शरीफ बाजार में गिफ्ट वापस करने के दौरान भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते तेजिंदर पर हमले की साजिश रची गई। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
SIT गठित होने के बाद धरना समाप्त
पीड़ित परिवार ने पुलिस को चेतावनी दी कि अगर जल्द इंसाफ और हमलावरों की गिरफ्तारी न हुई तो तेजिंदर का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा और संघर्ष को तेज किया जाएगा। परिवार ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से इंसाफ चाहते हैं, लेकिन प्रशासन की देरी उन्हें मजबूर कर रही है। SIT गठित होने के भरोसे के बाद धरना समाप्त हुआ, लेकिन परिवार की नाराजगी बरकरार है।
यह भी पढ़ें- पटियाला के थाने में ड्रग्स के साथ गिरफ्तार शख्स ने की आत्महत्या, फ्लश की पाइप से लटक दी जान
इंसाफ न मिलने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी
अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवगठित SIT कथित सोशल मीडिया धमकी, पुरानी रंजिश और हमले की कड़ियों को जोड़कर असली हमलावरों तक कितनी जल्दी पहुंचती है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि देर होने पर आंदोलन और तेज होगा। पुलिस का दावा है कि जांच तेज कर दी गई है और जल्द सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने परिवार को शांति बनाए रखने की अपील की है।
उधर, एसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि एसएसपी गुरदासपुर के आदेशों पर मामले की बारीकी से जांच करने और हमलावरों तक पहुंचने के लिए तीन सदस्यीय सिट गठित कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच गुरदासपुर के पुलिस अधिकारियों द्वारा आगे बढ़ाई जाएगी। इस भरोसे के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। हालांकि परिवार ने साफ किया कि जल्द ठोस कार्रवाई न होने पर वे फिर आंदोलन करेंगे।
