विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा के स्टूडेंट वीजा से FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट तक, कैसे गैंगस्टर बना गोल्डी बराड़?

Published: Tue, 29 Sep 2026 04:06 PM (IST)Updated: Tue, 29 Sep 2026 05:28 PM (IST)

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है और ...और पढ़ें

फोटो एआई की सहायता से बनाई गई है।

फोटो एआई की सहायता से बनाई गई है।

HighLights

  1. FBI ने गोल्डी बराड़ को टॉप 10 मोस्ट वांटेड में शामिल किया

  2. उसकी गिरफ्तारी पर 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित

  3. सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने मंगलवार को भगोड़े गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ 'गोल्डी बराड़' को अपनी टॉप 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है।

जांच एजेंसी ने उस पर एक मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 10 लाख डॉलर तक का इनाम भी घोषित किया। एजेंसी ने लॉरेंस बिश्नोई संगठित ग्रुप के नॉर्थ अमेरिकन लीडर के तौर पर उसकी भूमिका के लिए उसे वांछित घोषित किया।

गोल्डी बराड़ कौन हैं और कैसे पंजाब के एक सामान्य वर्ग से आने वाले व्यक्ति ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। वह भारत से कनाडा कब गया और कैसे गोल्डी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ। आइए, इन सभी सवालों के जवाब इस आर्टिकल में जानते हैं।

wanted_FBI

कौन हैं गोल्डी बराड़?

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम सतिंदरजीत सिंह है। साल 1994 में पंजाब के मुक्तसर के अंतर्गत आदर्श नगर में गोल्डी का जन्म पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) शमशेर सिंह और गृहिणी प्रीतपाल कौर के घर हुआ था। उनका परिवार चाहता था कि वह अच्छी शिक्षा लें और एक सम्मानजनक नौकरी पाएं, लेकिन कॉलेज के दिनों में उसकी जिंदगी ने एक अलग मोड़ ले लिया।

पंजाब यूनिवर्सिटी में कॉलेज के दिनों में उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई। जिसके बाद दोनों दोस्त बने और देखते ही देखते गोल्डी लॉरेंस का राइट हैंड बन गया। इस बीच गोल्डी गलत संगत में पड़ने लगा, जिसके बाद साल 2017 में उसे स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भेज दिया गया।

ओंटारियो पहुंचने के बाद उसने शुरू में ट्रक ड्राइवर और डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम किया और कई छोटे-मोटे काम भी किए। इस दौरान उसका लॉरेंस बिश्नोई और पंजाब के दूसरे अपराधियों के साथ संपर्क बना रहा। धीरे-धीरे उसने कनाडा से ही गैंग को चलाने की योजना बनाई और यहीं से उसने कई हत्याओं को अंजाम दिया। इसके बाद वह कभी भारत नहीं लौटा और वहीं से आपराधिक वारदातों को अंजाम देने लगा।

goldy_brars

सिद्धू मूसेवाला की हत्या

गोल्डी बराड़ नाम सुर्खियों में तब और ज्यादा फेम हुआ, जब साल 2022 में पंजाब के मानसा में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की गई। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। जांच में सामने आया कि अकाली दल नेता विक्की मिद्दुखेड़ की हत्या का बदला लेने के लिए लॉरेंस गैंग ने सिद्दू को निशाना बनाया था।

केंद्र सरकार ने भी घोषित किया आतंकी

साल 2024 में केंद्र सरकार ने कनाडा में छिपे गोल्डी बराड़ को आतंकी घोषित किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गैंगस्टर सतविंदर सिंह उर्फ सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के अंतर्गत आतंकवादी घोषित किया था। गोल्डी बराड़ बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दे चुका है।

goldy_brar_who

FBI  ने क्या कहा?

FBI ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि FBI ने सतिंदरजीत सिंह को अपनी 'टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों' की लिस्ट में शामिल किया है। उसे लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह में कथित तौर पर शामिल होने के लिए वांटेड घोषित किया गया है। यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया और पूरे अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल रहा है।

उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 1000000 अमेरिकी डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। FBI ने बताया कि यह आपराधिक सिंडिकेट हाई-प्रोफाइल हिंसक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है, जिनमें "राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट और नशीले पदार्थों व हथियारों की तस्करी" शामिल हैं।