लिफ्ट दी और मार दी गोली... गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल की हत्या से पहले का वीडियो; आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी
गुरदासपुर में पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसका शव अमृतसर-पठानकोट नेशनल ...और पढ़ें
HighLights
हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गुरदासपुर में गोली मारकर हत्या
तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान ने हत्या की जिम्मेदारी ली
पुलिस आतंकी एंगल से कर रही है मामले की जांच
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। ड्यूटी से लौट रहे पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव रविवार रात गांव मान कौर के पास अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर खून से लथपथ मिला।
सिर में गोली लगी होने के निशान हैं। डीजीपी लॉ एंड आर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि हत्या गोली मारकर की गई है। आतंकी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर विनोद की हत्या की जिम्मेदारी ली है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें विनोद बाइक सवार दो लोगों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। कृष्णा नगर निवासी मां कुंती देवी ने बताया कि विनोद थाना सुजानपुर में तैनात थे। परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
रविवार रात करीब सवा नौ बजे विनोद ने अपने भाई राम लाल को फोन कर बताया कि वह पुराना शाला के पास पहुंच गए हैं। उन्होंने 15 मिनट बाद बाइपास से लेने आने को कहा। राम लाल वहां पहुंचे तो वह नहीं मिले। रात एक बजे उनका शव बाइपास सड़क के किनारे मिला। वहां उनका सामान भी नहीं था।
ट्रेनिंग के लिए संगरूर भेजे गए थे विनोद
जांच अधिकारी एसआई मोहन लाल ने बताया कि प्रमोशन के बाद विनोद ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां गए थे और ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर भेजे गए थे। रविवार देर रात गुरदासपुर लौटते समय यह घटना घटी।
पुलिस को इसकी जानकारी देर रात लगभग 12 बजे मिली। सोमवार देर शाम घटनास्थल पर पहुंचे एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा और आइजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर डाली गई पोस्ट की जांच की जा रही है। पठानकोट में छीनी गई गाड़ी का इस वारदात से कोई संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में हाई अलर्ट किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
उधर, इंटरनेटमीडिया पर प्रसारित विनोद की हत्या से पहले के सीसीटीवी फुटेज में दो लोग उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाते दिख रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विनोद ने मोटरसाइकिल सवारों से लिफ्ट ली थी और उन्होंने बाद में उनके सिर में गोली मारी।
अपहरण की बात सामने नहीं आई है। पिछले केसों में भी देश विरोधी तत्व शामिल रहे हैं, जिसके चलते आतंकी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। पूरे पंजाब में हाई अलर्ट कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।
आतंकी एंगल से इनकार नहीं कर सकते: डीआईजी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले में हम आतंकी एंगल की आशंका से भी इनकार नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि अब तक की जांच के अनुसार, आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, और जबरन अपहरण का कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि हमारी जांच के मुताबिक, वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे।
सिन्हा ने कहा कि पिछले मामलों को देखते हुए, इसमें देश-विरोधी तत्वों के शामिल होने की संभावना की भी जांच की जा रही है। प्रवीण सिन्हा ने कहा कि चूंकि हमने पिछले मामलों में देश-विरोधी तत्वों की संलिप्तता देखी है, इसलिए हम किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रहे हैं। यह निजी रंजिश थी या देश-विरोधी तत्वों के इशारे पर किया गया काम, यह मामला सुलझने और जांच के दौरान और जानकारी सामने आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा।
पठानकोट में कार छीनने की घटना पर टिप्पणी करते हुए, पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह एक अलग मामला है। उन्होंने बताया कि अमृतसर के पास एक शव मिला है और पुलिस इसके बारे में और जानकारी जुटाने का काम कर रही है।
सिन्हा ने कहा कि वह एक अलग मामला है। अमृतसर के पास एक शव मिला है, और हम अभी इसके बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।" जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, और अधिक जानकारी सामने आएगी।
बिक्रम सिंह मजीठिया का आया रिएक्शन
वहीं, अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सरकार पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'पटियाला में दिन-दहाड़े लक्कड़ मंडी में फायरिंग और गुरदासपुर में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को अगवा करके हत्या कर दी गई और गुरु दोखी भगवंत मान को सोते-उठते, बैठते सिर्फ तरी वाले बैंगन ही याद आ रहे हैं पंजाब की कानून व्यवस्था की कोई चिंता नहीं। हंसते-बसते पंजाब का गुरु दोखी के राज ने क्या हाल बना दिया है, हर तरफ अपराधी घूम रहे हैं, कानून का डर खत्म हो चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।