यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब में तीन जगहों पर NIA की रेड, ग्रेनेड हमले और आतंकियों से जुड़े तार; तीन को लिया हिरासत में
पंजाब में एनआईए ने तीन जगहों पर छापेमारी की जिसमें किला लाल सिंह फतेहगढ़ चूड़ियां और वीला शामिल हैं। तीन ...और पढ़ें

HighLights
- तीन स्थानों पर एनआईए की छापेमारी
- पूछताछ के लिए तीन हिरासत में
- गैंगस्टर से संबंधों की जांच
जागरण टीम, किला लाल सिंह/फतेहगढ़ चूड़ियां। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे किला लाल सिंह, फतेहगढ़ चूड़ियां और निकटवर्ती गांव वीला में पुलिस सहित दबिश दी। किला लाल सिंह से टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिसे बाद में टीम साथ ले गई।
उधर फतेहगढ़ चूड़ियां में एनआईए की टीम ने वार्ड नंबर एक में रहने वाले युवक से पूछताछ की। इसके साथ एक अन्य मामले में वीला निवासी युवक को पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
टीम ने घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली
किला लाल सिंह निवासी कुलविंदर कौर पत्नी हरभजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एनआईए और पुलिस पार्टी एकदम से उनके घर में आ गई। टीम ने घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। उनके बेटे लवजोत सिंह उर्फ काका से पूछताछ की गई।
दो घंटे से भी अधिक समय पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली, लेकिन तलाशी के दौरान उन्हें घर से कुछ भी बरामद नहीं हुआ, मगर उनके बेटे लवजोत सिंह को साथ ले गई। कुलविंदर कौर ने बताया कि उनका बेटा लवजोत सिंह चंडीगढ़ में एक बेकरी की दुकान पर नौकरी करता है।
दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। कुलविंदर कौर और आस-पास के लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि उनके बेटे को बिना वजह परेशान न किया जाए। करीब चार घंटे पूछताछ के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए लवजोत सिंह को छोड़ दिया, मगर साथ ही उसे शनिवार को चंडीगढ़ कार्यालय में हाजिर होने के लिए कहा गया है।
मुख्य आरोपी को भेज दिया विदेश
वहीं, टीम फतेहगढ़ चूड़ियां की वार्ड नंबर 1 चितौड़गढ़ रोड पर पहुंची, जहां उन्होंने सुनील मसीह पुत्र एजिक मसीह के घर पर दबिश दी और सुनील मसीह से लगातार 3-4 घंटे पूछताछ की। सुनील मसीह बटाला में ट्रैवल एजंट का काम करता है।
कुछ समय पहले थाना घनिए के बांगर में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में एनआईए द्वारा उससे पूछताछ की गई। सुनील मसीह द्वारा इस घटनाक्रम में शामिल मुख्य आरोपी अभिजोत नामी युवक को विदेश भेजा गया था, जिसके वहां जाकर गैंगस्टर हैपी पशिया ग्रुप से सबंध बन गए थे।
अभिजोत थाना घनिए के बांगर पर ग्रेनेड हमले में शामिल था। सुनील मसीह का एक भाई पंचायत सचिव है, जो अजनाला में नौकरी करता है। सुनील मसीह से पूछताछ दौरान एनआईए द्वारा पूछताछ खत्म होने तक उसके घर के मुख्य गेट बंद रखे गए और किसी को अंदर दाखिल नहीं होने दिया।
फोन से हुआ पैसे का लेनदेन
दूसरी ओर गांव वीला में एनआईए की टीम ने हरप्रीत सिंह पुत्र गुरवंत सिंह से करीब 4-5 घंटे पूछताछ की और बाद में उसको थाना फतेहगढ़ चूड़ियां में लाया गया। जानकारी अनुसार हरप्रीत सिंह पहले अमरीका में रहता था, जो काफी देर पहले भारत आया था और दिल्ली एयरपोर्ट पर भी इसको कुछ समय पहले किसी मामले को लेकर गिरफ्तार किया गया था।
हरप्रीत के खिलाफ थाना फतेहगढ़ चूड़ियां में 2 मामले दर्ज हैं। सूत्रों के अनुसार उसके लिंक आतंकियों के साथ बताए जा रहें है। हरप्रीत के फोन से कुछ पैसे व अन्य ट्रांसजेक्शन हुई है, जिसके बारे में एनआईए की तरफ से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी अनुसार यह भी पता चला है कि हरप्रीत अपने फोन का डाटा और ट्रांसजेक्शन एनआईए टीम को देने में सहयोग नहीं कर रहा। इसी के साथ इसके एक साथी अर्पण पुत्र हरप्रीत सिंह निवासी वीला को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। वहीं एनआईए टीम के सदस्य कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं।