Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Punjab News: हैंड ग्रेनेड, IED व 2 किलो RDX बरामद के साथ एक गिरफ्तार; ISI आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

    Updated: Mon, 25 Aug 2025 03:45 PM (IST)

    बटाला पुलिस ने ISI मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए बल्लपुरिया गांव से चार हैंड ग्रेनेड और दो किलो RDX बरामद किया है। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है जबकि दूसरा फरार है। आरोपियों के तार आतंकी हरिंदर सिंह रिंदा और निशान जोड़ियां से जुड़े हैं। बरामद हथियारों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया।

    Hero Image
    हैंड ग्रेनेड, IED व 2 किलो RDX बरामद। फोटो पुलिस

    संवाद सहयोगी, बटाला। बटाला पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के माड्यूल को बेनकाब करते हुए गांव बल्लपुरिया से चार हेंड ग्रेनेड और आईईडी सहित दो किलो आरडीएक्स बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है। आरोपितों के पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरिंदर सिंह रिंदा और यूके में बैठे आतंकी निशान जोड़ियों के साथ संबंध सामने आए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एसएसपी बटाला सोहेल कासिम मीर ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिन पहले गांव बल्लपुरिया से चार हेंड ग्रेनेड बरामद किए थे। इसके अलावा मैटल के काले रंग का बाक्स बरामद किया गया था। बम निरोधक दस्ते ने इसकी जांच की तो इसमें से दो किलो आरडीएक्स बेसड आईईडी बरामद हुई।

    इसके अलावा कम्युनिकेशन डिवाइस बरामद हुई, जो चीन निर्मित ट्रांसरिसीवर था और वाकीटाकी के साथ इस्तेमाल होने वाला हेडफोन भी बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि थाना सदर में 21 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि मामले का संबंध आतंकियों के साथ है, जिसके चलते यूएपीए की धारा लगा दी गई।

    बरामदगी के बाद एसपी (डी) बटाला और डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां पर आधारित टीम ने मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पता चला कि यह हथियार वहां पर दो लोगों ने रखे थे। उस इनपुट पर काम करते हुए पता चला कि इसे किसी और ने उठाना था, जिसे किसी वारदात में प्रयोग किया जाना था।

    पुलिस ने जांच के आधार पर रविंदरपाल सिंह उर्फ रवि निवासी पूरियां कलां को गिरफ्तार कर लिया। यह बात भी सामने आई कि यूके बेसड आतंकी निशान सिंह निवासी जोड़ियां कलां, डेरा बाबा नानक 2022 में स्टूडेंट वीजा पर इंग्लेंड गया था।

    वहां पर उसका बीकेआई के साथ संबंध बन गया। वह बीकेआई का मेजर आप्रेटर है। हथियारों की कंसाइनमेंट उसी ने आरोपितों को उपलब्ध कराई थी। आरोपितों ने अमृतसर के मेहता इलाके से हथियारों की खेप उठाई थी।

    उसके बाद हथियार आरोपितों ने अपने पास रख लिए। निशान जोड़ियां के कहने पर उन्होंने बल्लपुरियां में यह खेप छिपा दी। इनकी फोटो व लोकेशन उन्होंने जोड़ियां को शेयर कर दी थी। निशान के कहने पर यह खेप किसी और ने उठानी थी। इस दौरान पुलिस ने यह खेप बरामद कर ली।

    आरोपित रवि का साथी फरार है। जांच में सामने आया है कि जोड़ियां पाकिस्तान में बैठा आतंकी हरिंदर सिंह रिंदा और आईएसआई के इशारे पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जोड़ियां की धरपकड़ के लिए यूके अथारिटी के साथ संपर्क किया गया है।

    उसे वहीं राउंडअप कराकर डिपोर्ट कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रेनेड पर एसजीआर 84 लिखा गया है, जिसे एचआरजी ग्रेनेड भी कहते हैं। यह एक आस्ट्रीयन कंपनी है, जो इनका निर्माण पाकिस्तान में करती है। इससे साफ होता है कि यह पूरी खेप पाकिस्तान से मंगवाई गई थी।

    बटाला में पहले भी पुलिस थानों पर ग्रेनेड फेंके गए थे। आरोपित पुलिस थानों या सरकारी इमारतों को निशाना बनाने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने इन मंसूबों को नाकाम कर दिया।