Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Heatwave in Punjab: प्रचंड गर्मी ने बढ़ाई लोगों की मुसीबतें, 42 डिग्री पहुंचा तापमान; अभी नहीं मिलेगी राहत

    Updated: Mon, 09 Jun 2025 03:21 PM (IST)

    गुरदासपुर में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है जिससे बाजार प्रभावित हुए हैं। ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में वृद्धि हुई है और बिजली की खपत भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी की चेतावनी दी है।

    Hero Image
    भीषण गर्मी से बचने के लिए पूरी तरह से मुंह ढककर जाता वाहन चालक। (फोटो- जागरण)

    जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। जिले में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके कारण रातें भी गर्म और उमस भरी हो गई हैं। तेज धूप और 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को बुरी तरह झुलसा दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है और इस सप्ताह अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री तक जा सकता है। इस प्रचंड गर्मी ने न केवल लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित किया है, बल्कि स्थानीय बाजारों और दैनिक गतिविधियों पर भी गहरा असर डाला है।

    गर्मी की इस लहर ने शहर के लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, क्योंकि लोग दोपहर की तपती धूप से बचने के लिए घरों या छायादार स्थानों का सहारा ले रहे हैं।

    खेतों में काम करने वाले मजदूरों और दिहाड़ीदारों के लिए यह मौसम किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्म हवाओं से चेहरा जल रहा है।

    मौसम विभाग के अनुसार इस साल गर्मी का प्रकोप पिछले कुछ वर्षों की तुलना में अधिक है। उच्च दबाव का क्षेत्र और कम नमी के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिसके लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

    गर्मी का असर स्थानीय बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों, जूस, लस्सी, और आइसक्रीम की बिक्री में 70 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडी चीजों की मांग कर रहे हैं।

    गर्मी के कारण बिजली की खपत में भी भारी वृद्धि हुई है। पंखे, कूलर, और एयर कंडीशनर दिन-रात चल रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने गर्मी के इस मौसम में लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स युक्त पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है।

    बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि वे गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिसके लिए लोगों को पहले से तैयार रहने की जरूरत है। गर्मी का यह प्रकोप कब तक रहेगा, यह कहना मुश्किल है, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

    आने वाले दिनों में ऐसे रहेगा तापमान

    दिन अधिकतम न्यूनतम
    मंगलवार 42 28
    बुधवार 43 29
    वीरवार 43 30
    शुक्रवार 42 30
    शनिवार 42 30
    रविवार 41 29
    सोमवार 40 29