केंद्रीय जेल गुरदासपुर में कैदियों ने जमीन में दबाए मोबाइल, पुलिस ने सर्च के बाद किए बरामद, केस दर्ज किया
गुरदासपुर केंद्रीय जेल में तलाशी अभियान के दौरान जमीन में दबाए गए तीन मोबाइल फोन, तीन चार्जिंग केबल और एक ...और पढ़ें

केंद्रीय जेल गुरदासपुर।
HighLights
तीन मोबाइल, चार्जिंग केबल, हेडफोन गुरदासपुर जेल में बरामद।
कैदियों ने जमीन में छिपाए थे, आपराधिक गतिविधियों में उपयोग।
पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर की केंद्रीय जेल में पुलिस ने सर्च के दौरान जमीन में दबाए गए तीन मोबाइल प्रशासन ने सर्च के दौरान जब्त किए। इन मोबाइलों को जेल के ही कैदियों द्वारा प्रयोग किया जा रहा था और जेल प्रशासन की नजर से बचाने के लिए जमीन में उन्हें दबाया गया था। तीन मोबाइल फोनों के साथ तीन डाटा चार्जिंग केबल और एक हेडफोन भी बरामद हुआ है।
घटना के बाद थाना सिटी पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जेल प्रबंधन को पिछले कुछ समय से संदेह था कि परिसर में प्रतिबंधित सामान छुपा कर रखा गया है। इसी कारण जेल प्रशासन ने मशीनों की मदद से 12 चक्कियों की गहन तलाशी कराई।
तलाशी के दौरान जेल स्टाफ ने चक्कियों के बाहर खुले हिस्से में मिट्टी की सतह पर कुछ असमानता देखी। शक होने पर उस स्थान को खोदा गया, जहां से प्लास्टिक में लिपटे तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। सभी फोन बिना सिम के पाए गए, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि इन्हें किसी बाहरी सप्लाई चैन या अंदरूनी मदद से पहुंचाया गया होगा।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में दुबई से लौटे बिल्डर सिधाना से घर पर फायरिंग, रात को गोलियाें की आवाज सुन सहमे लोग
लगातार चलाया जाता है सर्च ऑपरेशन
जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सरवण सिंह ने बताया कि तलाशी अभियान का उद्देश्य जेल परिसर को प्रतिबंधित सामग्री से मुक्त रखना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन जेल के भीतर सबसे खतरनाक प्रतिबंधित वस्तुओं में से एक हैं, जिनका उपयोग गैंगस्टरों या कैदियों द्वारा आपराधिक गतिविधियां संचालित करने, वसूली करने या बाहरी दुनिया से अवैध संपर्क बनाए रखने में किया जाता है। इसीलिए नियमित तलाशी अभियान बेहद जरूरी हैं।
सरवण सिंह ने कहा कि बरामद मोबाइल किसके द्वारा और कब जमीन में दबाए गए, इसका पता लगाने के लिए पुलिस को सूचित किया गया है। थाना सिटी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी बरामद सामान को कब्जे में लिया और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- मुक्तसर के तीन एसएमओ ने सिविल सर्जन पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए, शिकायत सेहत मंत्री को भेजी; सीएस ने अरोप झूठे बताए
जेल में मोबाइल कैसे पहुंचे, इसकी जांच शुरू
इस सफलता के बाद यह सवाल भी उठा है कि मोबाइल फोन इतने सुरक्षित परिसर में पहुंच कैसे गए। क्या कैदियों की किसी बाहरी गैंग से सांठगांठ है या जेल के अंदर ही कोई मददगार सक्रिय है? पुलिस अब इन बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। जेल प्रबंधन ने कहा है कि सुरक्षा बढ़ाई जाएगी और आने वाले दिनों में और भी सख्त तलाशी अभियान चलाए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।