गुरदासपुर डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही इमारत करवाया खाली; पुलिस ने की सघन जांच
गुरदासपुर डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। भवन खाली कर पुलिस ने जांच शुरू की, फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

गुरदासपुर का डीसी ऑफिस।
HighLights
डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
ईमेल के बाद तुरंत इमारत खाली कराई गई।
पुलिस ने पूरे परिसर की सघन जांच की।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के उपायुक्त कार्यालय को बुधवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब एक बजकर 20 मिनट पर कार्यालय के आधिकारिक पते पर धमकी भरा ईमेल पहुंचा। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
धमकी मिलने के बाद उपायुक्त कार्यालय भवन को पूरी तरह खाली करवाया गया। कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- 1 सितंबर को चंडीगढ़ कूच करेंगे किसान, ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ सेक्टर-25 में लगेगा अनिश्चितकालीन मोर्चा

डीसी कार्यालय के बाहर बैठे कर्मचारी।
हर कमरे और आसपास के क्षेत्र की तलाशी
पुलिस टीमों ने कार्यालय भवन के प्रत्येक कमरे, दफ्तर और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की। आसपास के क्षेत्र को भी खंगाला गया। सुरक्षा को देखते हुए आने-जाने पर निगरानी बढ़ा दी गई। खबर लिखे जाने तक जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
इसके बावजूद पुलिस और सुरक्षा दल पूरी तरह संतुष्ट होने तक जांच जारी रखे हुए हैं। प्रशासन की ओर से भी कर्मचारियों और आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल प्लेयर गुरजीत तूत के निधन से कबड्डी जगत सदमे में, लंबे समय से थे बीमार; सुखबीर बादल ने जताया दुख
जनवरी में भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2026 में भी गुरदासपुर के उपायुक्त कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जांच के बाद वह धमकी फर्जी साबित हुई थी। अब दोबारा इसी तरह की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस धमकी को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल उपायुक्त कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- सतलुज किनारे महाराजा रणजीत सिंह की कूटनीति को मिलेगी पहचान! राज्यसभा में उठी रोपड़ में स्मारक की मांग
