गुरदासपुर में कॉन्स्टेबल पर हमला करने वाला एक काबू; आरोपी ने लाइव होकर भाई की पगड़ी उछालने का लगाया आरोप
गुरदासपुर के बब्बेहाली में कॉन्स्टेबल पर हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपित गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपित ने सोशल मीडिया पर पगड़ी विवाद का आरोप लगाया।

आरोपी लाइव होकर अपना पक्ष रखते हुए।
HighLights
गुरदासपुर में कांस्टेबल पर तेजधार हथियारों से हमला।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी है।
आरोपी ने कांस्टेबल पर पुरानी रंजिश का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के बब्बेहाली छिंज मेले से ड्यूटी खत्म कर बहन के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे पुलिस कॉन्स्टेबल पर तेजधार हथियारों से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसी बीच हमले के एक आरोपित के सोशल मीडिया पर लाइव होकर कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाने से मामले में नया मोड़ आ गया है।
डीएसपी शहबाज सिंह ने बताया कि बब्बेहाली में हुए विवाद में कॉन्स्टेबल कर्णप्रीत सिंह घायल हुआ है। वह दीनानगर थाने में तैनात है और छिंज मेले में ड्यूटी के लिए आया था। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी बहन के साथ बाजार में खरीदारी कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
पुलिस जांच में कॉन्स्टेबल और गांव के कुछ लोगों के बीच पुरानी आपसी रंजिश होने की बात सामने आई है। डीएसपी के अनुसार इसी रंजिश के चलते विवाद हुआ। पुलिस ने लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें- मलेशिया गए फिरोजपुर के युवक की अचानक मौत, टूटा परिवार; शव भारत लाने के लिए सरकार से लगाई गुहार
सोशल मीडिया पर लाइव होकर लगाया आरोप
उधर, हमले के आरोपित आकाशदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर कॉन्स्टेबल कर्णप्रीत सिंह पर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि कर्णप्रीत सिंह के साथ उसका पिछले करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है। आकाशदीप ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले बब्बेहाली अड्डे पर कांस्टेबल ने उसके भाई की पगड़ी उछाल दी थी।
आकाशदीप का आरोप है कि मंगलवार को भी कॉन्स्टेबल ने उसके साथ गाली-गलौज की और पगड़ी उछालने की धमकी दी। उसने दावा किया कि भाई की पगड़ी उछालने के मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा। उसका कहना है कि इस मामले को लेकर अदालत में अभी केस चल रहा है।
यह भी पढ़ें- DAP की कमी से किसानों की चिंता बढ़ी, विधायक राणा इंद्रप्रताप बोले- 5.5 लाख टन मांग, अब तक मिली आधे से भी कम
कांस्टेबल ने नशा तस्करी की सूचना देने का किया था दावा
इससे पहले कॉन्स्टेबल कर्णप्रीत सिंह ने बताया था कि बब्बेहाली अड्डे पर तीन-चार युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रोककर हमला किया। हमले में वह और उसकी बहन बलजिंदर कौर घायल हुए थे। कांस्टेबल ने दावा किया था कि उसने गांव में नशा बेचने वाले तस्करों की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी थी। इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया।
पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों और विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पठानकोट में चोरी करने आया था चोर, सामान समेट बेड पर ही सो गया; सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को पकड़वाया
