विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पठानकोट में चोरी करने आया था चोर, सामान समेट बेड पर ही सो गया; सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को पकड़वाया

Published: Wed, 02 Sep 2026 03:39 PM (GMT+05:30)

पठानकोट की शाह कालोनी में चोरी करने पहुंचा युवक वारदात के बाद निर्माणाधीन मकान में ही सो गया। सुबह लोगों ने उसे पकड़वाया, पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।

HighLights

  1. चोरी के बाद निर्माणाधीन मकान में ही सो गया चोर।

  2. सुबह सैर पर निकले लोगों ने पुलिस को दी सूचना।

  3. पुलिस ने इन्वर्टर-बैटरी के साथ चोर को पकड़ा।

जागरण संवाददाता, पठानकोट। पठानकोट की शाह कालोनी में चोरी की वारदात के बाद एक युवक ऐसा बेफिक्र हुआ कि जिस निर्माणाधीन मकान में चोरी करने पहुंचा था, वहीं फोल्डिंग बेड पर सो गया। सुबह सैर के लिए निकले लोगों ने मकान के अंदर संदिग्ध युवक को सोते देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जगाकर हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया इन्वर्टर और बैटरी बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से लाल मिर्च का डिब्बा भी मिला। जानकारी के अनुसार युवक देर रात दीवार फांदकर शाह कालोनी स्थित निर्माणाधीन मकान में दाखिल हुआ था। मकान में कोई नहीं था। युवक ने वहां से इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली। चोरी का सामान एकत्र करने के बाद उसे लेकर बाहर निकलने की तैयारी थी, लेकिन इसी दौरान वह फोल्डिंग बेड पर लेट गया।

बताया जा रहा है कि कुछ देर आराम करने के दौरान युवक को नींद आ गई। इसके बाद वह गहरी नींद में सो गया। रात बीतने के बाद सुबह भी वह मकान से बाहर नहीं निकल पाया।

यह भी पढ़ें- अभिभावक ध्यान दें! पंजाब में कल नहीं चलेंगी स्कूल वैन, नए नियमों के विरोध में चालक हड़ताल पर; बढ़ेगी परेशानी

लोगों ने पुलिस को दी सूचना

सुबह कालोनी के लोग रोजाना की तरह सैर के लिए निकले। इस दौरान निर्माणाधीन मकान के आसपास उन्हें कुछ संदिग्ध गतिविधि नजर आई। लोगों ने अंदर जाकर देखा तो एक युवक फोल्डिंग बेड पर सो रहा था। पास में चोरी का सामान भी पड़ा हुआ था। युवक को इस तरह सोते देखकर लोग हैरान रह गए।

लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को जगाया और उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से इन्वर्टर और बैटरी बरामद हुई। पुलिस ने लाल मिर्च का डिब्बा भी बरामद किया है।

यह भी पढ़ें- जालंधर में भाजपा का सख्त एक्शन, अरविंद मिश्रा निष्कासित; पार्टी की छवि खराब करने के आरोप

पुलिस ने पूछताछ की शुरू

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अकेला चोरी करने पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकार्ड और क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में BC प्रमाणपत्र के नियम बदले, अब आय के साथ माता-पिता की नौकरी-पद भी तय करेंगे पात्रता; जानें नए नियम