विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मलेशिया गए फिरोजपुर के युवक की अचानक मौत, परिवार ने शव भारत लाने के लिए सरकार से लगाई गुहार

Published: Wed, 02 Sep 2026 04:48 PM (IST)

मलेशिया में कारोबार कर रहे गुरुहरसहाय निवासी मिठन कुमार की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने पंजाब और केंद्र सरकार से शव भारत लाने में मदद की गुहार लगाई।

मलेशिया में जान गंवाने वाले मिठन की फइल फोटो।

मलेशिया में जान गंवाने वाले मिठन की फइल फोटो।

HighLights

  1. फिरोजपुर के मिठन कुमार की मलेशिया में अचानक मौत।

  2. परिवार ने शव भारत लाने के लिए सरकार से मदद मांगी।

  3. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार अंतिम संस्कार को तरस रहा।

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। बेहतर भविष्य और कारोबार का सपना लेकर करीब साढ़े तीन साल पहले मलेशिया गए गुरुहरसहाय के बस्ती कर्म सिंह वाली निवासी मिठन कुमार की अचानक मौत हो गई। विदेश से बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के मुताबिक मिठन कुमार करीब साढ़े तीन साल पहले रोजगार और बेहतर भविष्य की उम्मीद में मलेशिया गया था। वहां वह अपना कारोबार कर रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह मेहनत करके अपना और परिवार का भविष्य बेहतर बनाएगा। इसी बीच मिठन के दोस्त दीपक का फोन आया। उसने परिवार को बताया कि मिठन कुमार की अचानक मौत हो गई है। यह खबर सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

यह भी पढ़ें- DAP की कमी से किसानों की चिंता बढ़ी, विधायक राणा इंद्रप्रताप बोले- 5.5 लाख टन मांग, अब तक मिली आधे से भी कम

तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था मिठन

मिठन कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता दारा सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में परिवार के लिए मिठन की मौत का सदमा और भी गहरा है। जिस बेटे के सुरक्षित घर लौटने की परिजन उम्मीद लगाए बैठे थे, अब उसी के पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए परिवार सरकारी मदद का इंतजार कर रहा है।

मिठन की मौत की खबर के बाद बस्ती कर्म सिंह वाली में भी मातम पसरा हुआ है। आसपास के लोग परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। परिजनों की आंखों से जवान बेटे को खोने का दर्द साफ झलक रहा है।

यह भी पढ़ें- पठानकोट में चोरी करने आया था चोर, सामान समेट बेड पर ही सो गया; सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को पकड़वाया

परिवार की आर्थिक हालत कमजोर

परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन, पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से भावुक अपील की है कि मलेशिया में मौजूद मिठन कुमार के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए। परिवार का कहना है कि बेटे का अंतिम संस्कार अपने गांव में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार करना चाहते हैं।

परिजनों ने सरकार से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाने और शव को भारत लाने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार के लिए इस समय सबसे बड़ी चिंता यही है कि उनका बेटा जल्द घर लौटे, ताकि वे अंतिम विदाई दे सकें।

यह भी पढ़ें- अभिभावक ध्यान दें! पंजाब में कल नहीं चलेंगी स्कूल वैन, नए नियमों के विरोध में चालक हड़ताल पर; बढ़ेगी परेशानी