बटाला निगम कार्यालय में बम धमकी से हड़कंप, बैठक छोड़कर बाहर भागे अधिकारी; डॉग स्क्वायड ने खंगाला पूरा परिसर
गुरदासपुर डीसी कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बटाला नगर निगम कार्यालय एहतियातन खाली कराया गया। पुलिस और डॉग स्क्वायड ने परिसर की तलाशी ली।

छानबीन करते हुए डॉग स्क्वायड।
HighLights
बटाला निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
विधायक-डीसी बैठक के दौरान कार्यालय खाली कराया गया।
पुलिस-डॉग स्क्वायड ने गहन तलाशी ली, संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, बटाला। बटाला नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। उस समय नगर निगम कार्यालय में विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी और गुरदासपुर के उपायुक्त समेत प्रशासनिक अधिकारियों की विकास कार्यों को लेकर बैठक चल रही थी।
धमकी की सूचना सामने आते ही बैठक को बीच में रोक दिया गया और एहतियात के तौर पर पूरा कार्यालय खाली करवा दिया गया। सूचना मिलते ही बटाला नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नगर निगम परिसर को अपने घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया। सुरक्षा को देखते हुए परिसर में आने-जाने पर भी निगरानी बढ़ा दी गई।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में 15 अगस्त को बम धमाकों की धमकी, निगम सहित जगहें अलर्ट पर; दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी निशाने पर

बम निरोधक दस्ते की टीम जांच करते हुए।
डॉग स्क्वायड ने की गहन तलाशी
पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी नगर निगम कार्यालय पहुंची। टीम ने कार्यालय के अलग-अलग कमरों, बैठक कक्ष, महापौर कार्यालय और आसपास के हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली। काफी देर तक चले जांच अभियान में पुलिस ने प्रत्येक स्थान को खंगाला।
तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह संतुष्ट होने तक जांच में जुटी रहीं। कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही इमारत करवाया खाली; पुलिस ने की सघन जांच
धमकी के स्रोत का लगाया जा रहा पता
नगर पुलिस के उपाधीक्षक सुखइंदर सिंह ने बताया कि गुरदासपुर के उपायुक्त कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना के बाद एहतियात के तौर पर बटाला नगर निगम कार्यालय खाली कराया गया था। पुलिस और डॉग स्क्वायड ने पूरे परिसर की जांच की है। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि धमकी के स्रोत और ईमेल भेजने वाले की पहचान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। स्वतंत्रता दिवस से पहले लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।
