बठिंडा में 15 अगस्त को बम धमाकों की धमकी, निगम सहित जगहें अलर्ट पर; दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी निशाने पर
बठिंडा नगर निगम को धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें 15 अगस्त को पुलिस थाना, स्कूल, अदालत परिसर और नगर ...और पढ़ें

निगम कार्यालय बठिंडा।
HighLights
स्वतंत्रता दिवस से पहले बठिंडा में बम धमाकों की धमकी मिली।
नगर निगम आयुक्त को ईमेल से मिली चेतावनी, पुलिस जांच में जुटी।
पुलिस स्टेशन, स्कूल, अदालत, ट्रेन सहित कई संवेदनशील स्थान निशाने पर।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बठिंडा में धमकी भरे ईमेल ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नगर निगम आयुक्त की आधिकारिक ईमेल पर बुधवार को भेजे गए संदेश में 15 अगस्त को शहर के कई संवेदनशील स्थानों पर अलग-अलग समय पर धमाके करने की चेतावनी दी गई है।
इसमें नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय के साथ पुलिस थाना, स्कूल और अदालत परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल में धमकी देने वाले ने अलग-अलग स्थानों पर धमाके के लिए समय भी बताए हैं। संदेश के अनुसार सुबह 9:11 बजे एक पुलिस थाने, दोपहर 1:11 बजे एक स्कूल, 2:11 बजे अदालत परिसर और 3:11 बजे नगर निगम कार्यालय व मेयर कार्यालय में विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही इमारत करवाया खाली; पुलिस ने की सघन जांच
ट्रेन को लेकर भी चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में दिल्ली जाने वाली ट्रेन को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल भेजने वाले ने लोगों को ऐसी ट्रेन में सफर नहीं करने की चेतावनी दी है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को स्कूल और 15 अगस्त के कार्यक्रमों में नहीं भेजने के लिए कहा गया है।
ईमेल में धमकी देने वाले ने खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा कनाडा का नाम भी इस्तेमाल किया है। हालांकि, इन संगठनों का वास्तव में इस धमकी से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान और धमकी की विश्वसनीयता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने जांच की शुरू
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नगर निगम आयुक्त लवजीत कलसी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। निगम प्रशासन ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी है।
पुलिस ईमेल के स्रोत, इसे भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता की जांच कर रही है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
