गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के 4 साथी हथियारों के साथ गिरफ्तार, दो पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद
बटाला में थाना रंगड़ नंगल पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के चार साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल दो मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

संवाद सहयोगी, बटाला। थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के चार साथियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपित भागने में सफल हो गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों से दो पिस्टल, दो मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।
जांच अधिकारी एएसआई पलविंदर सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान गांव खोजेवाल, प्रतापगढ़, संगतपुरा आदि से होते हुए गांव शाहबाद की ओर जा रहे थे।
हथियारों से लैस खड़े थे आरोपित
संगतपुरा मोड़ पर पहुंचने पर मुखबिर ने सूचना दी कि गांव शाहबाद में चीमा हॉकी अकादमी के पास गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ग्रुप के साथी सिकंदर सिंह गोला, लवप्रीत सिंह लव, ओंकार सिंह निवासी शाहबाद और गगनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी गांधी नगर कैंप अपने दो अज्ञात साथियों के साथ हथियारों के साथ लैस खड़े हैं।
बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे आरोपित
आरोपित हसनपुरा की तरफ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस अगर उक्त जगह पर अभी छापेमारी करते तो आरोपितों को काबू किया जा सकता है। एएसआइ पलविन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने सूचना के आधार पर चीमा हॉकी अकादमी की तरफ रुख किया तो आरोपितों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।
पूछताछ में अहम खुलासे होने की उम्मीद
पुलिस पार्टी ने सिकंदर सिंह गोला, लवप्रीत सिंह लव, ओंकार सिंह निवासी शाहबाद और गगनदीप सिंह उर्फ ज्ञानी निवासी गांधी नगर कैंप को काबू कर लिया। एएसआई ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों से एक पिस्टल 30 बोर मैगजीन सहित व 6 जिंदा कारतूस और एक पिस्टल 32 बोर मैगजीन सहित और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ में अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।