Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Politics: जाखड़ आज टटोलेंगे भाजपाइयों की नब्ज, फिरोजपुर में पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं से करेंगे भेंट

    जाखड़ के आने को लेकर जहां जिला भाजपा द्वारा तैयारियों का दौर जारी है वहीं भाजपा प्रधान अवतार सिंह मिन्ना के विदेश होने के कारण कार्यकारी पदभार बोबी बाठ को सौंपा गया है।जिले में लंबे समय से भाजपा गुटबाजी की शिकार रही है। बेशक कुछ समय में भाजपाई सार्वजनिक तौर पर तूतू-मैंमैं ना हुए हो लेकिन यहां पर टकसाली और नए शामिल भाजपाईयों के विभिन्न गुट बन चुके हैं।

    By Jagran NewsEdited By: Mohammad SameerUpdated: Tue, 01 Aug 2023 06:55 AM (IST)
    Hero Image
    गुटबाजी का शिकार भाजपा तीन विधानसभा चुनावों में कर चुकी है हार का सामना।

    तरुण जैन, फिरोजपुर: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ मंगलवार को जिले में भाजपा कार्यकर्ताओ की नब्ज टटोलेंगे। उनके द्वारा कुछ वर्षो में भाजपा में शामिल हुए नेताओं, वर्करों के अलावा पुराने भाजपाईयो के साथ शहर के परमार्थ भवन में विभिन्न बैठकें की जाएंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इससे पहले वो प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। जाखड़ के आने को लेकर जहां जिला भाजपा द्वारा तैयारियों का दौर जारी है, वहीं भाजपा प्रधान अवतार सिंह मिन्ना के विदेश होने के कारण कार्यकारी पदभार बोबी बाठ को सौंपा गया है।जिले में लंबे समय से भाजपा गुटबाजी की शिकार रही है।

    बेशक कुछ समय में भाजपाई सार्वजनिक तौर पर तूतू-मैंमैं ना हुए हो, लेकिन यहां पर टकसाली और नए शामिल भाजपाईयों के विभिन्न गुट बन चुके हैं। इस गुटबाजी को खत्म करने में जिला प्रधान अवतार सिंह मिन्ना भी नाकाम साबित हुए हैं।

    टकसाली भाजपाईयों में हमेशा ही रोष रहता है कि पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना पार्टी के संविधान मुताबिक जिला प्रधान, मंडल प्रधान सहित ऐसे व्यक्ति द्वारा दी जाए जिसके पास पार्टी की सही जिम्मेदारी हो, लेकिन जिले में कई कार्यक्रम ऐसे भी हो चुके हैं, जिसमें टकसाली बायकाट कर चुके हैं। 20 जून को हुई लोकसभा रैली का पुराने भाजपाईयों द्वारा बायकाट करने के बाद गुटबाजी खुलकर सामने आ गई थी।

    भाजपा का गढ़ माने जानी वाली फिरोजपुर शहरी विधानसभा में वर्ष 2012, 2017 और 2022 के चुनाव में पार्टी पहले ही हार का सामना कर चुकी है। पहले दो चुनावों में भाजपा के सुखपाल सिंह नन्नू कांग्रेस के परमिन्द्र सिंह पिंकी से बुरी तरह हार गए थे, क्योंकि उस समय कमल शर्मा और पिंकी ग्रुट में गुटबाजी थी।

    2022 में भाजपा द्वारा कांग्रेस से आए पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी को टिकट दी गई थी और वह तीसरे नंबर पर रहे थे।एक टकसाली कार्यकर्ता ने बताया कि जब तक हाईकमान द्वारा पुराने वर्करों की सार नहीं ली जाती तब तक पार्टी का खुलकर उभरना मुश्किल है।

    उनके द्वारा पार्टी के विस्तार के लिए खून-पसीना बहाया गया है, लेकिन हाईकमान ने नए चेहरों को उच्च पदों पर आसीन करके पुरानो को दरकिनार किया है, जोकि ठीक नहीं है।जिला महामंत्री अश्विनी ग्रोवर ने कहा कि पार्टी में हरेक को बनता सम्मान दिया जाता है और जिले में किसी भी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है।

    सभी पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के विस्तार में जुटे हुए हैं।भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक धवन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों को देखते हुए युवाओ में लगातार भाजपा से जुड़ने की होड़ लगी हुई है।