Punjab News: फिरोजपुर में हेरोइन के साथ छह नशा तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
फिरोजपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 22 ग्राम हेरोइन लाइटर और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। जिला पुलिस ने एसएसपी फिरोजपुर भूपिन्द्र सिंह के दिशा-निर्देशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत विभिन्न मामलों में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 ग्राम हेरोईन, 1 लाइटर, 1 पन्नी व 10 रुपये का नोट बरामद किया है।
उक्त मामलों में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। जानकारी देते थाना छावनी फिरोजपुर के एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने मिली सूचना के आधार पर चांद पुत्र अवतार सिंह निवासी इंद्रा कालोनी फिरोजपुर छावनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 ग्राम हेरोईन बरामद की।
थाना आरिफके के एसआई सतपाल ने हेरोईन का नशा करते हुए गुरविन्द्र सिंह उर्फ गिंद्र पुत्र बख्शीश सिंह निवासी बस्ती राम लाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 ग्राम हेरोईन, 1 लाईटर, 1 पन्नी व 10 रुपए का नोट बरामद किया है। एक अन्य मामले में थाना मल्लांवाला के एएसआई लखविन्द्र सिंह ने गुरप्रीत सिंह पुत्र सुक्खा निवासी हामद वाला व मनप्रीत सिंह पुत्र नैत सिंह निवासी हामद वाला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 ग्राम हेरोईन बरामद की है।
थाना मक्खू के एएसआई लखवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने कुलविन्द्र सिंह उर्फ किंदू पुत्र गुरदेव सिंह निवासी खन्ना व बूटा सिंह पुत्र बख्शीश सिंह निवासी खन्ना मक्खू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 ग्राम हेरोईन बरामद की है। उक्त मामलों की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मामले दर्ज कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।