Punjab News: फिरोजपुर में बारिश का कहर, मकान की छत गिरने से पिता की मौत; अकेला रह गया बेटा
फिरोजपुर के गांव दूले वाला में बारिश के कारण एक मकान की छत गिरने से 40 वर्षीय सुक्खा सिंह की मौत हो गई। सुक्खा दिहाड़ी मज़दूरी कर अपने बेटे का पालन-पोषण कर रहा था। लगातार बारिश से घर की दीवारें कमजोर हो गई थीं। हादसे के समय सुक्खा मलबे के नीचे दब गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। रविवार को जिले के गांव दूले वाला में बारिश का पानी मकान की नींव में घुस जाने से क्षतिग्रस्त मकान की छत गिर जाने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उक्त व्यक्ति अपने बेटे के साथ घर में रहता था और अब उसकी मौत हो जाने के बाद घर में अकेला बेटा रहा गया है।
मिली जानकारी के अनसार मृतक सुक्खा सिंह दिहाड़ी मज़दूरी कर अपने बेटे और अपना पालन-पोषण कर रहा था । उक्त हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण सुक्खा सिंह के घर की दीवारें कमजोर हो गई थी। रविवार को 4 बजे अचानक लैंटर भरभराकर गिर पड़ा और सुक्खा मलबे के नीचे दब गया। लोगों ने काफी मशक्कत कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सुक्खा अपने छोटे बेटे के साथ घर में रहता था। पहले ही परिवार ने एक बेटे को खो दिया था और अब पिता की मौत ने बेटे को पूरी तरह अकेला कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। सुक्खा के भांजे हैरी ने बताया कि मामा और उनका बेटा ही घर में रहते थे।
दोनों मिलकर जैसे-तैसे घर चला रहे थे। अब मामा के चले जाने के बाद भाई बिल्कुल अकेला हो गया है, पूरा परिवार बिखर गया है। गांव के लोगों ने बताया कि लगातार बारिश से कई मकान जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं और यदि प्रशासन ने तुरंत ध्यान नहीं दिया तो ऐसे हादसे और भी हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को राहत और आर्थिक मदद दी जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।