फिरोजपुर के हरिके नहर पर दर्दनाक हादसा, बोलेरो की टक्कर से पत्नी-बेटियों के सामने नहर में बहर गया व्यक्ति
हरिके हेडवर्क्स के पास बोलेरो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति नहर में गिर गया। पत्नी और बेटियां बाल-बाल बच ...और पढ़ें

दुर्घटना के कारण क्षतिग्रस्त बाइक।
HighLights
फिरोजपुर में हरिके नहर पर दर्दनाक सड़क हादसा।
बोलेरो की टक्कर से व्यक्ति नहर में जा गिरा।
पत्नी-बेटियां सुरक्षित, चालक फरार, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर में हरिके हेडवर्क्स से निकलने वाली नहरों पर बने बंगाली वाले पुल के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति नहर में गिर गया, जबकि उसकी पत्नी और बेटियां बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे में नहर में गिरे व्यक्ति की पहचान 42 वर्षीय उपविंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह निवासी मल्लांवाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उपविंदर सिंह अपनी पत्नी और बेटियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। जब वह हरिके हेडवर्क्स के पास बंगाली वाले पुल के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें- प्रीति जिंटा पर Punjab Kings की लगातार छठी हार का पड़ा बुरा असर, कप्तान श्रेयस अय्यर से की 'गंभीर' बातचीत - Video

दुर्घटना के बाद एकत्रित लोग।
बाइक से उछल सीधा नहर में गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि उपविंदर सिंह मोटरसाइकिल से उछलकर सीधे नहर में जा गिरे। वहीं उनकी पत्नी और बेटियां सड़क किनारे गिर गईं, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना मखू के प्रभारी निरीक्षक गुरमीत सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करवाया। नहर में गिरे उपविंदर सिंह की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया गया। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनावों के लिए 75 हजार जवानों का कड़ा पहरा, संवेदनशील इलाकों पर होगी विशेष नजर
बोलेरो चालक हुआ मौके से फरार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे बने पुलों और सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
