फिरोजपुर में दर्दनाक हादसा, पंजाब रोडवेज की बस की टक्कर में बाइक सवार की मौत; पत्नी और भतीजा बुरी तरह घायल
फिरोजपुर में फाजिल्का रोड पर एक दर्दनाक हादसे में पंजाब रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे अशोक कुमार धवन नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक अपने बेटे से मिलकर लौट रहा था।

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के फाजिल्का रोड पर किले वाले चौक के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे पंजाब रोडवेज की बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार अशोक कुमार धवन पुत्र बलदेव राज निवासी ममदोट जिला फिरोजपुर की मौत हो गई।
इस हादसे में अशोक की पत्नी सुदेश रानी और उनके भतीजे को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल फिरोजपुर में भर्ती कराया गया। इस घटना की जानकारी देते हुए सोनू मग्गो ने बताया कि उसकी बहन सुदेश रानी ममदोट में विवाहित है।
जीजा अशोक कुमार अपनी पत्नी सुदेश रानी और भतीजे के साथ मोटरसाइकिल पर अपने बेटे से मिलने मेरिटोरियस स्कूल घल्लखुर्द गए थे, जहां से लौटते समय जब वह किले वाले चौक के पास पहुंचे तो जलालाबाद की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पंजाब रोडवेज की बस ने गलत साइड से आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे अशोक कुमार धवन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुदेश रानी और उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फिरोजपुर पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। सोनू मग्गो ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद पंजाब रोडवेज बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। सदर थाने के एएसआई जगतार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।