विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अबोहर में कलयुगी बेटे ने बुजुर्ग मां के सिर पर कुकर मारकर की हत्या, लोगों ने काबू कर पुलिस के हवाले किया

Published: Mon, 31 Aug 2026 02:50 PM (IST)

अबोहर की संत नगरी में बेटे सुनील कुमार ने बुजुर्ग मां कृष्णा देवी के सिर पर कुकर मारकर हत्या कर दी। लोगों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंपा।

बेटे को लेकर जाते हुए पुलिस।

बेटे को लेकर जाते हुए पुलिस।

HighLights

  1. अबोहर में बेटे ने बुजुर्ग मां की कुकर से हत्या की।

  2. आरोपी बेटा शराब का आदी और मानसिक रूप से परेशान था।

  3. पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ पुलिस के हवाले किया।

संवाद सहयोगी, अबोहर। अबोहर की संत नगरी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे ने अपनी करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग मां के सिर पर कुकर मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित ने घर में तोड़फोड़ की और सामान बाहर फेंकने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, संत नगरी की गली नंबर एक में सुनील कुमार अपनी मां कृष्णा देवी के साथ रहता था। आसपास के लोगों के मुताबिक सुनील शराब का आदी है और अक्सर शराब का सेवन करता था। सोमवार दोपहर अचानक उसने घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपनी मां के सिर पर कुकर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण कृष्णा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपित घर का सामान बाहर फेंकने लगा। लोगों ने जब घर के अंदर देखा तो कृष्णा देवी खून से लथपथ पड़ी थीं। लोगों ने सुनील को पकड़ लिया और उसके हाथ बांधकर पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें- पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम, पटियाला पार्टी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की हत्या; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह और डीएसपी हरीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया और मृतका के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मृतका के छोटे बेटे विजय कुमार के बयानों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

विजय कुमार ने बताया कि वह अपनी मां और भाई से अलग रहता है। सुनील अक्सर शराब का सेवन करता था और मानसिक रूप से परेशान भी रहता था। उसकी दवा भी चल रही थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां दो दिन पहले ही उनके पास से वापस सुनील के साथ रहने के लिए आई थीं।

यह भी पढ़ें- बटाला में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, दो बाइक सवारों ने व्यक्ति को मारी गोली; गंभीर हालत में अमृतसर रेफर

छह-सात साल से पत्नी और बेटे अलग रह रहे

विजय कुमार के अनुसार, सुनील पहले भी कई बार घर में तोड़फोड़ करता था। उसके इस व्यवहार के कारण करीब छह-सात साल पहले उसकी पत्नी और दो बेटे उसे छोड़कर बठिंडा स्थित अपने मायके चले गए थे। विजय कुमार भी इसी वजह से अलग रहने लगा था।

नगर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपित के मानसिक रूप से परेशान होने और दवा चलने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में महिला नशा तस्कर का घर गिराया, नोटिस के बाद भी नहीं हटाया कब्जा तो चला बुलडोजर; पहले से दो केस दर्ज