BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 27 पिस्तौल, 54 मैगजीन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पंजाब में बाढ़ के बीच पाकिस्तान ने नापाक साजिश रची पर BSF और पुलिस ने हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी। दो तस्कर 27 पिस्तौल 54 मैगजीन और 470 कारतूस के साथ गिरफ्तार हुए। बाढ़ की आड़ में तस्करी की सूचना पर जवानों ने मुहार जमशेर में रातभर निगरानी रखी। हथियार उठाने आए गुरमीत सिंह और मंगल सिंह को धर दबोचा गया।

जागरण संवाददाता, फाजिल्का। पंजाब बाढ़ की मार झेल रहा है और पाकिस्तान इसकी आड़ में नापाक षड्यंत्र रच रहा है। वीरवार को सीमा पार से ड्रोन से भेजी गई हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी गई। बीएसएफ व पुलिस के जवान रातभर कंटीली तार के पास छिपकर बैठे रहे।
तड़के हथियार उठाने आए दो तस्करों को 27 पिस्तौल, 54 मैगजीन और 470 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पिस्तौल बरामदगी की यह अब तक की सबसे बड़ी खेप है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) को सूचना मिली थी कि बाढ़ की आड़ में हथियारों की तस्करी हो सकती है। बुधवार रात गांव मुहार जमशेर के पास सतर्कता बढ़ा दी गई। कंटीली तार के पास जवान रातभर छिपकर बैठे रहे।
तड़के सीमा पर संदिग्ध गतिविधि दिखी तो जवान सतर्क हो गए। हथियार उठाने आए गांव के ही तस्कर गुरमीत सिंह को पकड़ लिया। उससे बड़ा बोरेा मिले, जिसमें हथियार थे। फिर उसके साथी मंगल सिंह निवासी गांव तेजा रुहेला को भी गांव से ही धर दबोचा।
गांव मुहार जमशेर कंटीली तार से 200 मीटर दूर है। 26 दिन से यहां बाढ़ है। खेतों में पानी भरा है। इसका फायदा उठाने में तस्कर लगे हैं। एआइजी सीआइ फिरोजपुर गुरसेवक बराड़ ने बताया कि आरोपितों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पंजाब में शांति भंग करने का प्रयास विफल कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये हथियार पाकिस्तान से विदेशी संस्था के जरिये प्राप्त किए गए थे, जिनका उपयोग स्थानीय आपराधिक गिरोह ने करना था। इस माड्यूल की पहचान के लिए जांच जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।