Punjab Rain: फाजिल्का में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत; बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों की बड़ी परेशानी
फाजिल्का में भीषण गर्मी के बाद रविवार सुबह हुई जोरदार बारिश ने लोगों को राहत दी। तापमान 47 डिग्री तक पहुँच गया था। बारिश से तापमान में गिरावट आई लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया क्योंकि सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हुआ है और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चिंता है।
जागरण संवाददाता, फाजिल्का। पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच रविवार सुबह हुई झमाझम वर्षा ने लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह करीब आठ बजे अचानक मौसम बदला और आधे घंटे तक हुई मूसलधार बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया।
इससे पहले शनिवार देर शाम बादल तो घिरे थे, लेकिन अबोहर क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के अलावा फाजिल्का में वर्षा नहीं हो सकी थी। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। शनिवार को पारा 47 डिग्री के पार पहुंच गया था, लेकिन रविवार सुबह की बारिश ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी।
बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं सरहदी क्षेत्रों के गांवों में परेशानी भी बढ़ गई है। दरअसल, सतलुज दरिया का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बारिश ने इस खतरे को और बढ़ा दिया है। फाजिल्का जिले के साथ लगते करीब आठ गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
पानी खेतों में घुसने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है और ग्रामीणों को अपने घरों व पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की चिंता सताने लगी है। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
अधिकारियों का कहना है कि सतलुज में पानी कम हो रहा है, ऐसे में जल्द राहत मिलने की संभावना है। बारिश जहां एक ओर गर्मी से बड़ी राहत लेकर आई है, वहीं बाढ़ग्रस्त गांवों के लिए यह नई मुसीबत का सबब बन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।