Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    पंजाब के फाजिल्का में जन सुनवाई कैंप के दौरान हंगामा, पूर्व BJP मंत्री सुरजीत जयानी सहित कई नेता गिरफ्तार

    Updated: Thu, 21 Aug 2025 03:05 PM (IST)

    फाजिल्का में भाजपा द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं पर लगाए जा रहे कैंप के दौरान पुलिस ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत जयानी समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया जिससे कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ ने सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज़ दबाने का आरोप लगाया।

    Hero Image
    Punjab Politics: पंजाब के फाजिल्का में BJP नेता गिरफ्तार (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, फाजिल्का। भाजपा द्वारा शहर और गांवों में लगाए जा रहे केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर कैंप के दौरान गुरुवार को पुलिस ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत जयानी, भाजपा जिला प्रधान काका कंबोज, महिला नेत्री वंदना सांगवाल और महामंत्री लखबीर सिंह ढिल्लों समेत कई भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया और बड़ी संख्या में समर्थक एसएसपी ऑफिस के बाहर पहुंच गए। अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ भी मौके पर पहुंचे और सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि यह कैंप जनता की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से लगाए गए थे, लेकिन पंजाब सरकार लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।

    जाखड़ ने आरोप लगाया कि बीते दिन दिल्ली के एक पूर्व मंत्री द्वारा दिए गए विवादित बयान की राह पर ही पंजाब सरकार अब चल रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एसएसपी से मुलाकात कर तत्काल हिरासत में लिए गए नेताओं की रिहाई की मांग की।

    साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो भाजपा संघर्ष तेज करेगी। भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कार्यकर्ताओं में गुस्सा उभर आया और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस फिलहाल हालात पर नज़र रखे हुए है।