जनगणना ड्यूटी से लौट रही शिक्षिका और बेटे को ऑटो ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल
फतेहगढ़ साहिब में जनगणना ड्यूटी से लौट रही शिक्षिका परमजीत कौर और उनका बेटा सड़क हादसे में गंभीर घायल हो ...और पढ़ें

सिविल अस्पताल में दाखिल घायल परमजीत कौर।
HighLights
शिक्षिका परमजीत कौर और बेटा देशांत सड़क हादसे में घायल।
जनगणना ड्यूटी से लौटते समय ऑटो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी।
शिक्षक संघ ने मुफ्त इलाज और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब में जिला परिषद कार्यालय के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में जनगणना ड्यूटी से लौट रही सरकारी शिक्षिका और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को राहगीरों की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल शिक्षिका परमजीत कौर वर्तमान में गांव मानूपुर स्थित सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि वह जनगणना ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने बेटे देशांत के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव बुलाड़ी कलां स्थित अपने घर लौट रही थीं।
घायल शिक्षिका और उनके बेटे ने बताया कि जब वे सरहिंद से लौटते हुए जिला परिषद कार्यालय के नजदीक पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मां-बेटे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव से पहले ईवीएम विवाद गरमाया, हाई कोर्ट में दावा- राजस्थान से मशीनें रवाना
लोगों ने एंबुलेंस में पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को संभाला और एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल, फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का इलाज शुरू किया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और शिक्षक समुदाय से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के प्रमुख नेता सतविंदर सिंह चहल अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान यूनियन नेताओं ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की कि ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुई शिक्षिका और उनके बेटे के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए और दोनों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के मजीठा में पुलिस बनाम अकाली दल, विधायक गनीव कौर मजीठिया से दुर्व्यवहार का आरोप
ड्यूटी नजदीकी गांव में लगाने की रखी थी मांग
यूनियन नेता सतविंदर सिंह चहल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षिका ने पहले ही विभाग को लिखित रूप में अनुरोध किया था कि उनकी जनगणना ड्यूटी उनके नजदीकी गांव में लगाई जाए, लेकिन इसके बावजूद उनकी ड्यूटी दूर क्षेत्र में लगा दी गई। यूनियन का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी परिस्थितियों को नजरअंदाज किया, जिसके चलते उन्हें लंबा सफर करना पड़ा और यह हादसा हो गया।
शिक्षक यूनियन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है। यूनियन नेताओं का कहना है कि भविष्य में कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया में सुधार किया जाना चाहिए, ताकि किसी अन्य कर्मचारी को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
