विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी! फतेहगढ़ साहिब से टिकट दावेदार रणजीत ने बरिंदर ढिल्लों पर लगाया मारपीट का आरोप

Published: Wed, 28 Oct 2026 06:24 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस भवन में टिकट दावेदार रणजीत सिंह तरखान माजरा ने पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों पर मारपीट और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाया है।

रणजीत सिंह और बरिंदर ढिल्लों।

रणजीत सिंह और बरिंदर ढिल्लों।

HighLights

  1. रणजीत तरखान माजरा ने बरिंदर ढिल्लों पर मारपीट का आरोप लगाया।

  2. घटना पंजाब कांग्रेस भवन में टिकट दावेदारी के दौरान हुई।

  3. मामले की शिकायत चंडीगढ़ पुलिस और कांग्रेस हाईकमान को दी।

दीपक सूद,फतेहगढ़ साहिब। बस्सी पठाना से टिकट की दावेदारी जता रहे रणजीत सिंह तरखान माजरा ने यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान बरिंदर सिंह ढिल्लों पर पंजाब कांग्रेस भवन में उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना के समय पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह और सांसद डा. अमर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस भवन में मौजूद थे। कांग्रेस नेता ने इस मामले की शिकायत चंडीगढ़ पुलिस को दी है।

रणजीत सिंह तरखान माजरा पूर्व प्रदेश सचिव व मार्केट कमेटी सरहिंद के पूर्व चेयरमैन हैं और उन्हें पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के धड़े का माना जाता है। वहीं वरिंदर सिंह ढिल्लों की गिनती चरणजीत सिंह चन्नी धड़े के नेताओं में होती है। रणजीत तरखान माजरा ने पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान बरिंदर सिंह ढिल्लों पर उनके साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

इस घटना के बाद रणजीत सिंह तरखान माजरा ने कांग्रेस हाईकमान से बरिंदर ढिल्लों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। तरखान माजरा ने इस पूरे मामले की शिकायत कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह को भेजी है।

उन्होंने अपील की है कि पार्टी के वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान बनाए रखने के लिए ऐसे अनुशासहीन व्यवहार पर कड़ा संज्ञान लिया जाए और बरिंदर ढिल्लों को बिना किसी देरी के पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।

यह भी पढ़ें- बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने मोहाली अदालत में पेश किया फाइनल चालान

कांग्रेस भवन में क्या हुआ था?

आपबीती सुनाते हुए रणजीत सिंह तरखान माजरा ने बताया कि वह पार्टी संगठन में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, जिनमें मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन, पंजाब एग्रो के निदेशक, ब्लाक समिति सदस्य और पंचायत सदस्य जैसी जिम्मेदारियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार 27 अक्टूबर को वह अपने बेटे के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय (कांग्रेस भवन) में पंजाब प्रधान परगट सिंह से मुलाकात करने गए थे।

इसी दौरान वहां मौजूद पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों और उनके एक साथी के साथ किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और उनके साथ अभद्रता व मारपीट की गई। उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर कांग्रेस हाइकमान दखल देने की मांग भी की है।

कार्यकर्ताओं में रोष का माहौल

इस घटना के बाद से ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और रंजीत सिंह तरखान के समर्थकों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कांग्रेस भवन परिसर में ऐसा व्यवहार होना बेहद निंदनीय है। अब सभी की निगाहें कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई हैं कि वे इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। 

यह भी पढ़ें- पंजाब के गुरदासपुर में दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों में फायरिंग, दो गिरफ्तार; तीसरा फरार

ढिल्लों ने आरोप बताए निराधार

पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों का कहना है कि वह इस पूरे प्रकरण पर ज्लद ही विस्तृत रूप से अपना पक्ष रखेंगे। ढिल्लों ने कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

यह भी पढ़ें- तरनतारन में गैंगस्टरों की धमकियों से सहमे आढ़ती ने शूटर समझ अज्ञात पर चला दी गोलियां, एक की मौत और दो घायल