पंजाब के गुरदासपुर में दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों में फायरिंग, दो गिरफ्तार; तीसरा फरार
डेरा बाबा नानक की दाना मंडी में पुलिस और बदमाशों के बीच दिनदहाड़े फायरिंग हुई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पकड़ा, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
-1793185220876_m.webp)
डेरा बाबा नानक में पुलिस-बदमाशों के बीच दिनदहाड़े फायरिंग।
HighLights
डेरा बाबा नानक में पुलिस-बदमाशों के बीच दिनदहाड़े फायरिंग
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को किया काबू
तीसरे फरार बदमाश की तलाश में सघन अभियान जारी
संवाद सहयोगी, डेरा बाबा नानक। डेरा बाबा नानक में बुधवार को दिनदहाड़े दाना मंडी में पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, जबकि बदमाशों के तीसरे साथी को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि पुलिस थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति मुंह बांध कर मोटरसाइकिल पर डेरा बाबा नानक के इलाके में घूम रहे हैं, जो किसी भी समय किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
इस पर पुलिस की ओर से उन्हीं संदिग्धों की तलाश में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान डेरा बाबा नानक की दाना मंडी में उक्त तीन बदमाशों पकड़ने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो नौजवानों को काबू कर लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी वहां से भागने में कामयाब हो गया। जिसे पकड़ने के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उक्त आरोपित को पकड़ लिया जाएगा।
डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार बदमाश की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उधर दिन दिहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
