बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने मोहाली अदालत में पेश किया फाइनल चालान
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में मोहाली अदालत में ...और पढ़ें

बिक्रम सिंह मजीठिया।
HighLights
मजीठिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में चालान पेश।
विजिलेंस ने 13 आरोपितों, कुछ कंपनियों को किया नामजद।
मामले में करीब 736 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल।
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बुधवार को मोहाली की अदालत में फाइनल चालान पेश कर दिया। चालान में 13 आरोपितों को नामजद किया गया है। इसके अलावा कुछ कंपनियों को भी मामले में शामिल किया गया है। जांच में सामने आई संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 736 करोड़ रुपये बताया गया है। इससे पहले पेश किए गए चालान में करीब 700 करोड़ रुपये की संपत्ति का उल्लेख था।
अब यह आंकड़ा बढ़कर करीब 736 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फाइनल चालान पेश होने के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी। चालान दाखिल होने का अर्थ यह नहीं है कि आरोप साबित हो गए हैं। आरोपों की पुष्टि अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और कानूनी दलीलों के आधार पर होगी। मामले में अंतिम निर्णय अदालत की ओर से किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब के गुरदासपुर में दिनदहाड़े पुलिस और बदमाशों में फायरिंग, दो गिरफ्तार; तीसरा फरार
संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन के रिकार्ड की पड़ताल
मामले की जांच के दौरान विजिलेंस ने संपत्तियों, वित्तीय लेन-देन और आय के स्रोतों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस मामले में पहले भी अदालत में बड़ी संख्या में दस्तावेज पेश किए जा चुके हैं। अब तक दाखिल चालानों और संबंधित रिकार्ड के कुल पन्नों की संख्या करीब 52 से 53 हजार बताई जा रही है। फाइनल चालान पेश होने के बाद जांच से जुड़े दस्तावेजों का विस्तृत रिकार्ड अदालत के समक्ष आ गया है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में गैंगस्टरों की धमकियों से सहमे आढ़ती ने शूटर समझ अज्ञात पर चला दी गोलियां, एक की मौत और दो घायल
कंपनियों को भी मामले में किया शामिल
विजिलेंस ने 13 आरोपितों के अलावा कुछ कंपनियों को भी मामले में शामिल किया है। हालांकि, कंपनियों के नाम और उनकी कथित भूमिका से जुड़ी विस्तृत जानकारी चालान के रिकॉर्ड के अध्ययन के बाद ही स्पष्ट होगी। जांच में आय के ज्ञात स्रोतों और संपत्तियों के बीच कथित अंतर से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की गई है।
