पंजाब में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, मिलिट्री इंटेलिजेंस इनपुट के बाद फतेहगढ़ साहिब में हुई कार्रवाई
फतेहगढ़ साहिब में मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस ने खेतों के बीच चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

फतेहगढ़ साहिब से जब्त पटाखे।
HighLights
फतेहगढ़ साहिब में अवैध पटाखा फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़।
मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई।
छापेमारी में 11 किलो 660 ग्राम विस्फोटक सामग्री हुई बरामद।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में मिलिट्री इंटेलीजेंस इनपुट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई है। खेतों के बीच चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ, जहां से 11 किलो 660 ग्राम धमाकाखेज सामग्री बरामद की गई है। मिलिट्री इंटेलिजेंस लुधियाना से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमलोह थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, यहां खेतों में शेलर के पास बने एक किराए के गोदाम में बिना लाइसेंस पटाखे तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में पटाखे और पटाखे बनाने से संबंधित सामग्री बरामद की है। 11 किलो 660 ग्राम धमाकाखेज सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी! फतेहगढ़ साहिब के टिकट दावेदार भिड़े, रणजीत ने बरिंदर ढिल्लों पर लगाया मारपीट का आरोप
दो दिन पहले मिली थी इनपुट
एसएचओ गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को 26 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 बजे मिलिट्री इंटेलिजेंस लुधियाना की टीम से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर क्षेत्र के गांव बसी कलां का रहने वाला फैजान खान, शाहपुर गांव में दलजीत कौर के खेतों में बने गोदाम को किराए पर लेकर पटाखे तैयार कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि पटाखे तैयार करने के लिए बारूद और अन्य सामग्री गोदाम में रखी गई है और तैयार पटाखों को आगे सप्लाई किया जाना था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अमलोह थाना पुलिस ने मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास पटाखे तैयार करने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। इस मामले में आरोपी फैजान खान के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट, 1884 की धारा 9बी(1)(ए) और 9बी(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- बिक्रम मजीठिया की बढ़ी मुश्किलें, आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने मोहाली अदालत में पेश किया फाइनल चालान
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
खेतों के बीच गोदाम में पटाखे तैयार करने और उन्हें आगे सप्लाई करने की सूचना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। आरोपी की पृष्ठभूमि, पटाखों के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री के स्रोत, तैयार पटाखों की सप्लाई और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाना जांच का अहम हिस्सा होगा।
मामले में पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी कब से यह काम कर रहा था और तैयार पटाखे कहां-कहां सप्लाई किए जाने थे।
