विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों में आपकी सेहत से खिलवाड़! फतेहगढ़ साहिब में 11 खाद्य सैंपल फेल, मिठाई खाने से करें असली-नकली की जांच

Published: Mon, 12 Oct 2026 03:18 PM (IST)

त्योहारों के सीजन में फतेहगढ़ साहिब में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान 23 में से 11 सैंपल फेल पाए गए हैं, जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

सेहत विभाग की टीम मिठाई की दुकान पर जांच करते हुए।

सेहत विभाग की टीम मिठाई की दुकान पर जांच करते हुए।

HighLights

  1. फतेहगढ़ साहिब में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान।

  2. सितंबर में 23 में से 11 खाद्य सैंपल फेल पाए गए।

  3. त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई जारी।

नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। त्यौहारों का सीजन शुरू होते ही बाजार में मिलावटी मिठाइयों और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिले में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने विशेष जांच अभियान (स्पेशल ड्राइव) तेज कर दिया है।

इसी कड़ी में अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर नाकाबंदी कर अन्य क्षेत्रों से आने वाले दूध व दुग्ध उत्पादों के वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा जिले भर में मिठाइयों, डेयरी उत्पादों, बेकरी, बिस्कुट, नमकीन और किरयाना दुकानों के साथ-साथ खाद्य सामग्री तैयार करने वाली फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन से पहले मिलावट का 'खेल'! मोहाली में 1200 किलो पनीर जब्त; लैब रिपोर्ट में पता चलेगी गुणवत्ता

23 में से 11 सैंपल फेल

कार्रवाई के आंकड़ों की जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि सितंबर माह में जिले भर से मिठाई, दूध, बेकरी व किरयाना सामान के कुल 23 सैंपल लिए गए थे। जांच रिपोर्ट में चिंताजनक स्थिति सामने आई है। 23 में से 11 सैंपल फेल (मानकों पर खरे नहीं उतरे) मिले हैं, जबकि 5 सैंपल ही पास हुए, 7 की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

उन्होंने बताया कि जिन व्यापारियों व निर्माताओं के सैंपल फेल हुए हैं, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) राखी विनायक ने बताया कि त्यौहारों के मद्देनजर उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।

पिछले सप्ताह भी टीम ने नाकाबंदी के दौरान 5 सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- 300-350 रुपये किलो का पनीर खरीद रहे हैं तो सावधान! फिरोजपुर में 11 सैंपल फेल, ऐसे करें असली-नकली की पहचान

त्यौहारों में ऐसे पहचानें असली-नकली सामान

त्यौहारी खरीदारी के दौरान थोड़ा सा सचेत रहकर आप अपने और अपने परिवार की सेहत की सुरक्षा कर सकते हैं।

  • मावा/खोया की शुद्धता जांचें: अपनी हथेली पर थोड़ा सा मावा रगड़ें। यदि इसमें से घी की महक आए और स्वाद में मिठास लगे तो यह शुद्ध है। आयोडीन की दो बूंदें डालने पर यदि मावा नीला पड़ जाए तो इसमें स्टार्च (मिलावट) है।
  • चांदी का वर्क: चांदी के वर्क को उंगलियों के बीच रगड़ें। अगर यह आसानी से गायब हो जाए तो असली है, लेकिन अगर यह एल्युमिनियम की तरह इकट्ठा होकर गेंद जैसा बन जाए तो यह मिलावटी है।
  • दूध में सिंथेटिक की पहचान: थोड़े से दूध में बराबर मात्रा में पानी मिलाकर हिलाएं। यदि अधिक झाग बने तो दूध में डिटर्जेंट या सिंथेटिक केमिकल की मिलावट हो सकती है।
  • जागरूक बनें: केवल पंजीकृत या लाइसेंस धारक दुकानों से ही मिठाइयां व खाद्य सामग्री खरीदें। बासी या अत्यधिक रंग-बिरंगी मिठाइयों को खरीदने से बचें।

यह भी पढ़ें- क्या आपकी थाली सुरक्षित है! मिलावट के खिलाफ चाहिए राष्ट्रीय खाद्य गुणवत्ता मिशन, देशभर की बनी जरूरत