फतेहगढ़ साहिब में ताबड़तोड़ चली गोलियां, लोहे से भरा ट्रक छीनने का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
फतेहगढ़ साहिब में बुधवार देर रात पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने लोहे से भरा ट्रक लूटने के आरोप में तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपित रुपिन्द्र जीत सिंह से हथियार बरामद करने जा रही थी तभी उसने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब। बुधवार देर रात करीब नौ बजे पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक नशा तस्कर घायल हो गया है। बता दें सोमवार को जीटी रोड मुख्य मार्ग पर कार सवार चार अज्ञात लुटेरों ने नग प्वाइंट के पास एक लोहे से भरा ट्रक छीन लिया था।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपितों में सतनाम सिंह, गुरमीत सिंह और रुपिन्द्र जीत सिंह शामिल हैं। मुठभेड़ संबंधी जिला पुलिस मुखी शुभम अग्रवाल ने बताया कि जब पुलिस टीम रुपिन्द्र की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए बजीराबाद जा रही थी, तभी वह हिरासत से भाग निकला और फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान एक पुलिस कर्मी बचितर सिंह खुद को बचाते हुए गिर कर घायल हो गया था। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में रुपिन्द्र सिंह भी घायल हो गया। उक्त दोनों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब उपचार के लिए भेजा गया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपित नशा तस्कर हैं। उक्त तीनों आरोपितों पर पहले भी कई केस दर्ज हैं और जल्द ही चौथे आरोपित को भी पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।