विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अकाली दल की सरकार बनी तो नशे के खिलाफ मोर्चा संभालेंगी महिला DGP, हरसिमरत बादल ने फरीदकोट रैली में किया वादा

Published: Fri, 09 Oct 2026 03:39 PM (IST)

हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर नशे के खिलाफ महिला एडीजीपी की नियुक्ति और गांवों में विशेष महिला फोर्स बनाने की योजना लागू होगी।

फरीदकोट रैली को संबोधित करते हुए हरसिमरत कौर बादल।

फरीदकोट रैली को संबोधित करते हुए हरसिमरत कौर बादल।

HighLights

  1. नशे के खिलाफ एडीजीपी स्तर की महिला अधिकारी नियुक्त होगी।

  2. 'मावा धिया ललकार' योजना से गांवों में महिला फोर्स बनेगी।

  3. नशा बेचने वालों को कम से कम 10 साल की सजा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, फरीदकोट। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने फरीदकोट में रैली को संबोधित करते हुए नशे के खिलाफ अपनी पार्टी की प्रस्तावित रणनीति का एलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर नशे के खात्मे के लिए एडीजीपी स्तर की एक महिला पुलिस अधिकारी नियुक्त की जाएगी। इस अधिकारी को विशेष रूप से नशे के खिलाफ अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘मावा धिया ललकार’ योजना के तहत गांवों में महिलाओं की विशेष फोर्स तैयार की जाएगी। उन्होंने माताओं और बहनों से अपील की कि वे अभी से अपने-अपने गांवों में इस मुहिम के तहत सक्रिय होकर काम शुरू करें।

यह भी पढ़ें- अकाली नेताओं की धमकियों से खौफ में पीड़ित महिलाएं, पहुंची अकाल तख्त; बर्खास्त नेत्री ने मांगी पुलिस सुरक्षा

नशा बेचने वालों को मिलेगी 10 साल की सजा

उन्होंने कहा कि महिलाओं की यह फोर्स नशा बेचने वालों, नशा करने वालों और नशा खरीदने वालों की पहचान करने में सहयोग करेगी, ताकि सरकार बनने के बाद नशे के नेटवर्क के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जा सके।

अकाली दल की नेता ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर नशा बेचते हुए पकड़े जाने वाले लोगों को कम से कम 10 साल की सजा दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आरोपियों को जमानत नहीं मिलने देने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल बॉर्डर पर BSF की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से भारी मात्रा में भेजी गई हेरोइन और ICE ड्रग जब्त

युवाओं को नशा मुक्त करना होगी सरकार की जिम्मेदारी

हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं का इलाज करवाकर उन्हें नशे से मुक्त कराना भी सरकार की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही नशे के कारण प्रभावित परिवारों और उनके बच्चों की देखभाल तथा सहायता के लिए भी सरकार को जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और पुलिस की सख्ती के जरिए नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। उनका कहना था कि गांव स्तर पर अभी से जानकारी जुटाने और लोगों को जागरूक करने से भविष्य में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- पूर्व DIG भुल्लर कल रो पड़े थे जज के सामने, आज फिर पेश किए तो बाहर आकर बोले-अभी कुछ नहीं कह सकता