विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BJP ने अकाली दल को क्यों बनाया 'बड़ा भाई'? पहले से दोगुनी सीटों पर भाजपा की दावेदारी; क्या है अमित शाह का मास्टरप्लान?

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:00 AM (IST)

भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में 43-47 सीटों पर दावा कर सकती है, जबकि शिरोमणि अकाली दल गठबंधन में बड़ा भाई बना रहेगा।

BJP ने अकाली दल को क्यों बनाया 'बड़ा भाई'? फोटो जागरण

BJP ने अकाली दल को क्यों बनाया 'बड़ा भाई'? फोटो जागरण

HighLights

  1. भाजपा 2027 में 43-47 विधानसभा सीटों पर दावा कर सकती है।

  2. शिअद गठबंधन में बड़ा भाई रहेगा, मुख्यमंत्री पद उसके पास।

  3. भाजपा की दावेदारी शहरी-हिंदू मतदाता आधार और बढ़ी ताकत पर।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) गठबंधन में बड़ा भाई रहेगा, लेकिन सीटों के बंटवारे में भाजपा की हिस्सेदारी पहले से करीब दोगुनी हो सकती है। भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 43 से 47 सीटों पर दावेदारी कर सकती है, जो पहले 23 सीटों पर लड़ती थी।

मुख्यमंत्री पद शिअद के पास रखने और भाजपा को पहले से अधिक सीटें देने का यह संभावित समीकरण दोनों दलों की बदली राजनीतिक ताकत और चुनावी जरूरतों से जुड़ा है। अकाली दल को बड़ा भाई बनाए रखने के पीछे केवल पंजाब राजनीतिक-सामाजिक समीकरण ही नहीं, भाजपा का राष्ट्रीय लक्ष्य भी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिसंबर 2029 तक देश से नशे की समस्या खत्म करने का लक्ष्य रखा है। पंजाब में सत्ता हासिल कर नशे के खिलाफ अभियान की कमान अपने हाथ में लेना भी भाजपा की अहम रणनीति है।

दावेदारी के पीछे शहरी व हिंदू मतदाता आधार

भाजपा की 43 से 47 सीटों की संभावित दावेदारी के पीछे शहरी व हिंदू मतदाता आधार भी है। पठानकोट, जालंधर, होशियारपुर, फाजिल्का और शहीद भगत सिंह नगर पांच ऐसे जिले हैं, जहां हिंदू आबादी बहुमत में है। इन जिलों में कुल 26 विधानसभा सीटें हैं।

इसके अलावा गुरदासपुर, फिरोजपुर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, कपूरथला और मोहाली सात ऐसे जिले हैं, जहां हिंदू आबादी 40 प्रतिशत से अधिक है। इनमें 43 विधानसभा सीटें आती हैं।

लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, मोहाली, पठानकोट और पटियाला जैसे शहरी प्रभाव वाले जिलों में भी भाजपा अपनी स्थिति मजबूत मानती है। इन जिलों की सभी सीटें शहरी नहीं हैं, लेकिन शहरी मतदाताओं का प्रभाव कई क्षेत्रों के चुनावी नतीजे प्रभावित करता है।

बढ़ा वोट शेयर

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 2019 के 9.63 प्रतिशत से बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया। इसके विपरीत अकाली दल का वोट शेयर 22.45 प्रतिशत से घटकर 13.42 प्रतिशत रह गया। विधानसभा क्षेत्रों के लिहाज से भी भाजपा 23 क्षेत्रों में आगे रही, जबकि अकाली दल नौ क्षेत्रों में बढ़त में रहा। भाजपा पुराने 23 सीटों के समझौते से आगे बढ़ने के लिए इन्हीं आंकड़ों को आधार बना रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली दल बना 'बड़ा भाई', क्या है BJP का असली प्लान? CM की कुर्सी छोड़ने की Inside Story

1996 से 2020 तक चला था गठबंधन

दोनों दलों का गठबंधन 1996 से सितंबर 2020 तक चला। अकाली दल का ग्रामीण और जाट सिख समुदाय में प्रभाव था, जबकि भाजपा शहरी हिंदुओं और व्यापारियों के बीच मजबूत थी। 1997 में दोनों दलों ने मिलकर 93 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2007 और 2012 में भी गठबंधन की सरकार बनी।

हालांकि 2017 में बेअदबी और बहिबल कलां-कोटकपूरा गोलीकांड के मुद्दों ने शिअद को नुकसान पहुंचाया। बाद में सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में शिअद ने एनडीए छोड़ दिया था। अब दोनों दल पुराने सामाजिक समीकरण को फिर सक्रिय करने की कोशिश में हैं।

यह भी पढ़ें- 'पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन से कांग्रेस की बनेगी सरकार', भूपेंद्र हुड्डा ने समझाया गणित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।