विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

9 महीने में 7 पुलिसकर्मियों की हत्या: पंजाब में दोहराया जा रहा कश्मीर जैसा पैटर्न, क्या है आतंकियों का 'ऑपरेशन नूर'?

By Rohit KumarEdited By: Prince Sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 10:11 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 17 Nov 2026 10:20 AM (GMT+05:30)

पंजाब में पिछले 9 महीनों में 7 पुलिसकर्मियों की हत्या ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, जिसमें गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की हत्या भी शामिल है।

पंजाब में ऑपरेशन नूर के तहत पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे आतंकी। (एआई जनरेटेड तस्वीर)

पंजाब में ऑपरेशन नूर के तहत पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे आतंकी। (एआई जनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पंजाब में 9 महीने में 7 पुलिसकर्मियों की हत्या

  2. 'ऑपरेशन नूर' के तहत तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी

  3. सुरक्षा एजेंसियां संगठित नेटवर्क और विदेशी हैंडलरों की जांच कर रही हैं

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में पुलिसकर्मियों को चुन-चुनकर निशाना बनाने की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सीमावर्ती जिलों में इस साल फरवरी से अब तक छह पुलिसकर्मियों की हत्या हो चुकी है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी गोलीबारी में घायल हुए हैं।

ताजा घटना में गुरदासपुर के मानकौर बाईपास के पास हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इंटरनेट मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) नाम के संगठन ने ''ऑपरेशन नूर के तहत हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

संगठन ने आगे भी पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की धमकी दी है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

'ऑपरेशन नूर' नाम सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या पंजाब में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विनोद कुमार की हत्या को शुरुआती जांच में पुलिसकर्मी पर लक्षित हमला माना जा रहा है। वह पठानकोट के सुजानपुर में तैनात थे और प्रशिक्षण के सिलसिले में संगरूर गए हुए थे।

रविवार रात गुरदासपुर लौटने के दौरान उन्होंने अपने भाई को बस अड्डे के पास लेने के लिए बुलाया था। सीसीटीवी फुटेज में दो मोटरसाइकिल सवारों के साथ जाते दिखाई देने के बाद पुलिस इस कड़ी की जांच कर रही है। उनका शव सोमवार को मानकौर बाईपास के पास मिला। पुलिस ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है।

फरवरी में चौकी के भीतर दो पुलिसकर्मियों की हत्या

पुलिसकर्मियों पर हमलों का सिलसिला 22-23 फरवरी को गुरदासपुर के दोरांगला क्षेत्र के अधियां गांव में पुलिस चौकी के भीतर एएसआइ गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या से शुरू हुआ था। जांच के दौरान पुलिस ने पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के निर्देश पर हमला किए जाने की बात कही थी। इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी भी हुई।

24 मई को अमृतसर के मजीठा क्षेत्र में एएसआइ जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सितंबर में अमृतसर के भगतांवाला अनाज मंडी क्षेत्र में पीसीआर ड्यूटी पर तैनात एएसआइ हरजीत सिंह को गोली मार दी गई।

11 अक्टूबर को तरनतारन में एएसआइ इकबाल सिंह की हत्या हुई। इन घटनाओं के बीच 12 सितंबर को राजासांसी क्षेत्र में एएसआइ जसवंत सिंह पर गोली चलाई गई, लेकिन वह बच गए। चार-पांच अक्टूबर की रात अजनाला क्षेत्र में जीआरपी के एएसआइ सुखचैन सिंह पर भी हमला हुआ और वह घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- 'भारत के हर कोने में इस्लाम का परचम लहराएंगे...', गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल की हत्या कर आतंकी संगठन ने दी धमकी

पहले भी पुलिस प्रतिष्ठानों पर हुए आतंकी हमले

पंजाब में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की घटनाएं नई नहीं हैं। मई 2022 में मोहाली स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड से हमला किया गया था।

दिसंबर 2022 में तरनतारन के सरहाली पुलिस थाने पर भी आरपीजी हमला हुआ। नवंबर-दिसंबर 2024 में अमृतसर, बटाला और नवांशहर समेत कई क्षेत्रों में पुलिस थानों और चौकियों के आसपास ग्रेनेड हमलों की घटनाएं सामने आईं।

दिसंबर 2024 में नवांशहर के असरोन पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने की। अप्रैल 2025 में बटाला के किला लाल सिंह पुलिस थाने पर हुए आरपीजी हमले के मामले में भी एनआइए ने विदेशी हैंडलरों और आतंकी नेटवर्क की भूमिका का उल्लेख करते हुए आरोपपत्र दाखिल किया था।

स्थानीय युवाओं के इस्तेमाल की आशंका

पिछले मामलों की जांच में विदेशी बैठे हैंडलरों की ओर से स्थानीय युवाओं को पैसों का लालच देकर हमलों में इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हालिया हत्याओं के पीछे भी ऐसा ही कोई नेटवर्क काम कर रहा है या अलग-अलग आपराधिक रंजिशों के मामले हैं।

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की ओर से सुरक्षाकर्मियों को चुनकर निशाना बनाने की रणनीति से इन घटनाओं की तुलना की जा रही है। हालांकि, पंजाब की सभी वारदातों को एक ही आतंकी साजिश से जोड़ने के लिए अभी पर्याप्त प्रमाण सामने नहीं आए हैं। 'ऑपरेशन नूर' के दावे की सत्यता, विदेशी हैंडलरों की भूमिका और स्थानीय स्तर पर मददगारों की पहचान जांच का प्रमुख हिस्सा है।

यह भी पढ़ें- लिफ्ट दी और मार दी गोली... गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल की हत्या से पहले का वीडियो; आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।