'बाढ़ प्रभावितों के घर जाकर देंगे मुआवजा', वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने लोगों को दिलाया भरोसा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटी है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार को नुकसान का मुआवजा देगी। हरपाल चीमा और हरजोत सिंह बैंस ने नंगल क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। बरिंदर कुमार गोयल और डॉ. बलजीत कौर ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और राहत कोष में योगदान दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी अगुआई में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। बाढ़ प्रभावित लोगों को कोई भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि उनका जो भी नुकसान हुआ है, उसकी पूरी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी।
पंजाब सरकार हर बाढ़ प्रभावित के घर जाकर उनको हुए नुकसान का पूरा मुआवजा देगी। यह बात वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कही। हरपाल सिंह चीमा और हरजोत सिंह बैंस ने शनिवार को नंगल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का भी दौरा किया।
इसी तरह कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने संगरूर के लहरागागा तथा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने फाजिल्का जिले के गांव राम सिंह भैणी समेत लगभग 20 गांवों के बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में दो लाख रुपये का योगदान भी दिया। उन्होंने बताया कि बाढ़ के बाद अब जहां सड़कें टूट चुकी हैं, वहां मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और आवागमन सुविधाएं जल्द ही बहाल कर दी जाएंगी।
उधर, कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने पठानकोट के 25 बाढ़ प्रभावित गांवों में व्यापक सफाई अभियान का आगाज किया। इस दौरान दौरान गली-नालियों की सफाई, गंदे पानी पर छिड़काव और फागिंग भी की गई। साथ ही लोगों को सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित भी किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।