यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनप्रीत बादल के करीबी के आवास पर विजिलेंस की टीम ने दी दबिश, बीच में आए वकील; मचा हंगामा
पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री व भाजपा के नेता मनप्रीत सिंह बादल को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब सरकार को 65 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में पिछले 11 दिन से फरार चल रहे पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री व भाजपा के नेता मनप्रीत सिंह बादल को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गुरुवार देर शाम को विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा की एक टीम ने चंडीगढ़ में स्थित मनप्रीत बादल के एक करीबी की निर्माणधीन कोठी में छापेमारी करने के लिए पहुंची।
विजिलेंस टीम बिना कोई कार्रवाई किए लौटी
विजिलेंस टीम जैसे ही कोठी के बाहर पहुंची, तो मनप्रीत बादल के वकील भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बिना सर्च वारंट लेकर पहुंची विजिलेंस टीम का विरोध किया और कहा कि पहले सर्च वारंट लेकर आएं, उसके बाद ही वह टीम को कोठी के अंदर तलाशी लेने देंगे। काफी देर तक बहसबाजी होने के बाद विजिलेंस टीम बिना कोई कार्रवाई किए बैरंग लौट आई।
बता दें, कि बठिंडा विजिलेंस ब्यूरो की टीम को सूचना मिली थी कि मनप्रीत बादल अपने एक करीबी की चंडीगढ़ स्थित निर्माणधीन कोठी में छिपे बैठे है। इसके बाद विजिलेंस टीम चंडीगढ़ पहुंची और निर्माणाधीन कोठी की तलाशी लेनी चाही, लेकिन मनप्रीत बादल के वकीलों ने मौके पर पहुंचकर विजिलेंस टीम को कोठी के अंदर दाखिल होने से रोक दिया।
यह भी पढ़ें- मनप्रीत बादल ने कोर्ट में दायर की जमानत अर्जी, कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने से किया इनकार
वकील ने कही ये बात
वकील सुखदीप सिंह भिंडर और अन्य ने कहा कि विजिलेंस टीम को इस घर की तलाशी के लिए कोर्ट का आदेश दिखाएं। इस बीच विजिलेंस और वकीलों के बीच काफी बहस भी हुई, लेकिन पता चला है कि विजिलेंस टीम खाली हाथ लौट गयी है।
यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार मामले में मनप्रीत बादल की जमानत याचिका रद, बठिंडा कोर्ट में की गई थी दायर
विजिलेंस टीमें लगातार कर रहीं छापेमारी
बता दें कि मनप्रीत बादल को गिरफ्तार करने के लिए विजिलेंस टीमें अब तक छह राज्यों में छापेमारी कर चुकी हैं, लेकिन कथित आरोपित मनप्रीत बादल अभी तक टीम के हाथ नहीं लगे हैं, जबकि बीती बुधवार को बठिंडा अदालत ने उनकी जमानत अर्जी को भी रद्द कर दिया है। ऐसे में विजिलेंस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।