पंजाब-हिमाचल में आपदा से सब्जियां महंगी, चंडीगढ़ वालों के किचन का बजट बिगड़ा
चंडीगढ़ में हरी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं ज्यादातर सब्जियां 40 रुपये प्रति किलो से ऊपर बिक रही हैं। शिमला मिर्च बीन्स गोभी जैसी सब्जियां 70 से 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ के कारण आपूर्ति बाधित है जिससे कीमतें बढ़ रही हैं। व्यापारियों के अनुसार आपूर्ति सामान्य होने में अभी समय लगेगा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। बाढ़ के पानी से पंजाब में फसलें तबाह होने और भूस्खलन की वजह से हिमाचल प्रदेश के रास्ते बंद होने पर सप्ताई न आने से चंडीगढ़ में हरी सब्जियां महंगी मिल रही है। इससे ट्राईसिटी (चंडीगढ़-पंचकूला-मोहाली) वालों के किचन का बजट बिगड़ गया है।
अधिकतर सब्जियां 40 रुपये प्रति किलो से अधिक रेट में मिल रही है। शिमला मिर्च, बींस, गोभी, तोरी, घिया और करेला जैसी सब्जियां तो 70 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम तक मिल रही हैं। यह भाव शहर की प्रमुख सब्जी एवं फल मंडी सेक्टर-26 के हैं।
सेक्टरों की मार्केट में तो सब्जियों का रेट मंडी से भी अधिक हैं। गलियों में बेचने आने वाले मोबाइल वेंडरों के भाव तो इससे भी ऊपर हैं। सब्जियों के बढ़े भाव ने किचन का बजट बिगाड़ दिया है। वह भी तब जब श्राद्ध पक्ष शुरू होने के बाद त्योहार सीजन की शुरुआत हो रही है।
चंडीगढ़ की मंडी में सब्जी की मुख्य आवक पंजाब और हिमाचल प्रदेश के शहरों से होती है। पंजाब में बाढ़ की वजह से फसलें तबाह हो चुकी हैं। 15 से 20 दिनों से सप्लाई एकदम ठप जैसी है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का असर है। साथ ही भूस्खलन होने से हाईवे और दूसरे रास्ते बंद रहने से भी सप्लाई पहले जैसी नहीं है। इसी वजह से सब्जियों के भाव 15 दिनों से ऐसे ही बढ़े हुए हैं।
सितंबर के आखिरी सप्ताह में कम हो सकते हैं सब्जियों के दाम
सप्लाई सुचारू नहीं होने तक इनके ऐसे ही बढ़े रहने की बात कही जा रही है। सितंबर के आखिर तक इसमें कुछ गिरावट आ सकती है। सेक्टर-26 मंडी के आढ़ती बलबीर सिंह ने बताया कि इन दिनों सब्जियों के भाव तेज हैं। इसका कारण मांग के हिसाब से इसकी आपूर्ति में कमी है। पंजाब में बाढ़ और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से रास्ते बंद हैं। आपूर्ति प्रभावित होने से रेट बढ़े हुए हैं। अगले कुछ दिन भाव ऐसे ही रहेंगे। पंजाब में तो फसल बर्बाद हो चुकी हैं। इस कारण अगली फसल आने के बाद ही वहां से सप्लाई सुचारू होगी।
सेक्टर-26 मंडी में सब्जियों के भाव
तोरी- 80-100
घिया- 80
बैंगन- 60
शिमला मिर्च- 100-120
अरबी- 70
बीन्स- 100
गोभी- 100
टमाटर-60
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।