विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खुद को क्राइम ब्रांच का एसआइ बताकर ठगने वाला काबू

By JagranEdited By:
Published: Thu, 28 Jul 2022 06:24 PM (IST)

खुद को चंडीगढ़ पुलिस के क्राइम ब्रांच में सब इंस्पेक्टर बताकर दो लाख रुपये ठगने वाले आरोपित को मलोया थाना ...और पढ़ें

खुद को क्राइम ब्रांच का एसआइ बताकर ठगने वाला काबू
खुद को क्राइम ब्रांच का एसआइ बताकर ठगने वाला काबू

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ :

खुद को चंडीगढ़ पुलिस के क्राइम ब्रांच में सब इंस्पेक्टर बताकर दो लाख रुपये ठगने वाले आरोपित को मलोया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। उससे पुलिस की नकली वर्दी भी मिली है। आरोप है कि उसने झांसा देकर हिमाचल के ही एक व्यक्ति से दो लाख रुपये की ठगी की। आरोपित नकली वर्दी पहनकर हिमाचल में धौंस जमाता था। उसके हिमाचल में चंडीगढ़ पुलिस के नाम पर ठगी का नेटवर्क फैले होने की आशंका पर जांच जारी है।

मलोया थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपित विनोद को डड्डूमाजरा से गिरफ्तार किया गया। आरोपित भनक पाकर भागने की फिराक में था। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। मामले में शिकायत मंडी के रहने वाले छवि राम ने पुलिस को दी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपित विनोद ने उसे कहा कि वह चंडीगढ़ पुलिस के क्राइम ब्रांच में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। उसने शिकायतकर्ता की टाटा 207 (पिकअप वैन) को ट्रैफिक पुलिस में रिकवरी वैन लगवाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की चपत लगा दी। आरोपित ने शिकायतकर्ता को एक लाख महीने की कमाई करवाने के बहाने फंसाया था। अलग-अलग होटल में ठहरता था आरोपित

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित विनोद हिमाचल से आने पर शहर के अलग-अलग होटल में ठहरता था। इस दौरान वह हिमाचल में यूटी पुलिस की दो स्टार वाली वर्दी पहनकर लोगों को झांसे में फंसाकर पैसे लेकर आता था। पुलिस का दावा है कि आरोपित के खिलाफ हिमाचल में शिकायतें बढ़ेगी। अप्रैल में नकली एसआइ-कांस्टेबल की हुई थी गिरफ्तारी

डिस्ट्रिक क्राइम सेल की टीम ने अप्रैल 2022 में एक नकली सब-इंस्पेक्टर और महिला कांस्टेबल को गिरफ्तार किया था। आरोपितों की पहचान अंबाला निवासी 24 वर्षीय तेजिदर सिंह और डेराबस्सी की 25 वर्षीय कंचन के रुप में हुई थी। इनसे फर्जी आई कार्ड व वर्दी बरामद हुई थी।