चंडीगढ़ में शापिंग के लिए मशहूर हैं ये 5 मार्केट, जानें कहां किस चीज की आसानी से कर सकते हैं खरीदारी
Shopping markets in Chandigarh अगर आप शॉपिंग के शौकीन हैं तो यकीन मानिए चंडीगढ़ से बेहतर च्वाइस आपको कहीं नहीं मिलेगी। चंडीगढ़ में शॉपिंग करने के लिए भी कई बेहतरीन माल्स और बाजार हैं। जहां आप आसानी से क्वालिटी का सामान खरीद सकते हैं।

आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ देश के खूबसूरत शहरों में से एक है। यहां घूमने के लिए रॉक गार्डन, सुखना लेक, बर्ड पार्क, रोज गार्डन, म्यूजियम्स व आर्ट गैलरी आदि जैसे टूरिस्ट डेस्टिनेशंस हैं। वहीं इसके अलावा यहां शानदार शॉपिंग डेस्टिनेशंस भी हैं। अगर आप शॉपिंग के शौकीन हैं तो यकीन मानिए चंडीगढ़ से बेहतर च्वाइस आपको कहीं नहीं मिलेगी। चंडीगढ़ में शॉपिंग करने के लिए भी कई बेहतरीन प्लेसेस हैं।
चंडीगढ़ में शॉपिंग के लिए कई बेहतरीन मॉल से लेकर स्ट्रीट शॉपिंग मार्केट्स भी हैं। जहां पर आप कई बेहतरीन चीजों की खरीदारी कर सकते हैं। बता दें कि चंडीगढ़ शहर ब्रांडेड शहरों में शुमार है। यहां आपको महंगे से महंगा और बड़े से बड़ा ब्रांड्स के सामान मिलेगा। वहीं ब्रांडेड आइटम्स से लेकर सस्ती दुकानों के विकल्प भी मिलेंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि चंडीगढ़ में आप कहां कहां खरीदारी के लिए पहुंच सकते हैं...
नेक्सस एलांते मॉल (Nexus Elante Chandigarh)
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित नेक्सस एलांते मॉल चंडीगढ़ का ही नहीं बल्कि ट्राईसिटी का सबसे बड़ा शॉपिंग मॉल है। नेक्सस एलांते में तमाम बड़ी कंपनियों के स्टोर हैं। यहां मल्टीप्लेक्स भी हैं। रोजाना हजारों लोग यहां शॉपिंग करने और घूमने आते हैं। करीब 3 महीने पहले इसका नाम एलांते मॉल से बदलकर नेक्सस एलांते रखा गया है। बता दें कि नेक्सस एलांते मॉल उत्तर भारत का 7वां सबसे बड़ा मॉल है। देश के 10 सबसे बड़े मॉल में इसका नाम शामिल है। यह मॉल देश में 20 एकड़ में फैला है। आपको यहां हर ब्रांड के शोरूम मिलेंगे, जिनमें आप जमकर शॉपिंग कर सकते हैं। इसके अलावा यहां फूड कोर्ट से लेकर मल्टीप्लेक्स हैं। दिनभर एलांते में लोगों का आना जाना लगा रहता है। यह शानदार शॉपिंग डेस्टिनेशन है।
सेक्टर-17 प्लाजा (Sector-17 Plaza)
चंडीगढ़ का हार्ट कहे जाने वाले सेक्टर-17 में शॉपिंग प्लाजा शहर की बेहतरीन शॉपिंग डेस्टिनेशंस में से एक है और यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सेक्टर-17 प्लाजा में कपड़ों से लेकर फुटवेयर और हैंडीक्राफ्ट आइटम्स आदि के बड़ी बड़ी दुकानें और शोरूम हैं। यहां कई बड़े ब्रांड्स के स्टोर्स से लेकर इंटरनेशनल आउटलेट, फूड चेन्स आदि मौजूद हैं। यहां बड़ों से लेकर बच्चों और बुजुर्गों सभी के लिए खरीदारी की जा सकती है। शाम के समय यहां रौनक और बढ़ जाती है। शनिवार शाम यहां म्यूजिक इवनिंग होती है। वहीं खास दिनों में यहां नामी सिंगर्स की परफार्मेंस भी होती है। वहीं यहां म्यूजिकल फाउंटेन भी है जो वीकेंड पर आने वाले लोगों को अलग एहसास करवाता है।
सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट (Shastri market Sector-22)
सेक्टर 22 की शास्त्री मार्केट शहर की सबसे फेमस शॉपिंग मार्केट है। यह शहर के सबसे पुराने बाजारों में से एक है। जहां पर आपको नए ट्रेंड्स के कपड़े, स्टाइलिश एक्सेसरीज और फंकी फुटवियर की सस्ती रेंज मिलेगी। शास्त्री मार्केट में खरीदारी के लिए ट्राईसिटी के अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लोग भी आते हैं।सेक्टर-22 की मार्केट में बेहतरीन गिफ्ट आइटम्स से लेकर घर की सजावट का सामान भी खरीद सकते हैं। मार्केट में दुकानें बूथों पर बनी हुई हैं। इस मार्केट में थोड़ा घूमना पड़ता है, ताकि अच्छी और सस्ती डील पर सामान मिल सके। यहां खरीदारी का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको चंडीगढ़ के मॉल की तुलना में आधी कीमत पर अच्छा सामान मिल सकता है। शास्त्री मार्केट हर सोमवार बंद रहती है।
सेक्टर-19 का पालिका बाजार (Palika Bazar sector-19)
सेक्टर-19 का सदर बाजार कपड़ों की खरीदारी के लिए बेहद शानदार डेस्टिनेशन है। चंडीगढ़ आने वाला हर व्यक्ति एक बार इस मार्केट में जरूर पहुंचता है। यह बाजार काफी सस्ता है और यहां कम बजट में अच्छी शॉपिंग की जा सकती है। सेक्टर-19 की मार्केट में कपड़ों से लेकर जूते, गिफ्ट और मेकअप प्रोडक्ट्स बेहद आसानी से खरीद सकते हैं। यह मार्केट शादी के सीजन में खचाखच भरी रहती है। क्योंकि यहां दुल्हन के लिए लहंगा और दुल्हे के लिए शेरवानी सस्ते दाम में मिलती है। आम दिनों में भी इस मार्केट में खूब भीड़ रहती है।
सेक्टर-15, रेहड़ी मार्केट (Sector-15 Market)
पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ लगती सेक्टर-15 की मार्केट सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट की तरह है। यहां ज्यादातर स्टूडेंट्स शॉपिंग के लिए पहुंचते हैं। क्योंकि सेक्टर-15 रिहायशी एरिया है और पीयू के साथ होने की वजह से स्टूडेंट्स यहां पीजी हाउस में रहते हैं। ऐसे में शाम के समय इस मार्केट में खूब भीड़ रहती है। यह मार्केट शहर के बीच में है। इस मार्केट में स्टाइलिश कपड़ों व जूतों से लेकर एक्सेसरीज, घरेलू सामान, होम डेकोर पीसेस आदि सामान मिल सकता है। यह मार्केट पंजाबी जूते, दस्तकारी बैग और अन्य कई आइटम्स के लिए फेमस है। इसके अलावा यहां खाना भी मिलता है। लच्छा परांठे से लेकर बटर चिकन, चिकन टिक्का, छोले भटूरे, और कई तरह के फूड आइटम्स यहां मिलेंगी। ऐसे में शॉपिंग सेंटर होने के साथ यह मार्केट खाना खाने के लिए भी फेमस है। सेक्टर-15 की मार्केट में चाइनिज फूड ज्यादा मिलता है। इस मार्केट के मोमोज सबसे ज्यादा फेमस हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।