विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा दफ्तर हमले पर जाखड़ का बयान, बढ़ती लोकप्रियता से घबराई ताकतें; नया पंजाब बनाने का संकल्प अडिग

Published: Mon, 06 Apr 2026 03:37 PM (IST)

भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई ताकतें हमले कर रही हैं। उन्होंने नया ...और पढ़ें

भाजपा स्थापना दिवस पर आयोजित समागम में मौजूद सीनयर नेता।

भाजपा स्थापना दिवस पर आयोजित समागम में मौजूद सीनयर नेता।

HighLights

  1. भाजपा दफ्तर पर हमला बढ़ती लोकप्रियता का परिणाम।

  2. नशा और गैंगस्टरवाद पंजाब की बड़ी चुनौतियां।

  3. राज्य सरकार की विफलताओं पर उठाए गंभीर सवाल।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर कहा कि पंजाब के लोग भाजपा में अपने भविष्य की आशा की किरण देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई ताकतों द्वारा पार्टी दफ्तर पर किए गए हमले जैसी कायराना हरकतें पार्टी के “नया पंजाब” बनाने के संकल्प को हिला नहीं सकतीं।

वह पार्टी मुख्यालय में स्थापना दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सांसद सतनाम सिंह और प्रदेश महासचिव परमिंदर सिंह बराड़ भी मौजूद थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार का लाभ पहुंचाने के अपने मूल सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है और इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की प्रेरणा से नया पंजाब बनाने के संकल्प के तहत कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें- बठिंडा पुलिस ने बेनकाब किया 'लूट का ड्रामा', कार हड़पने के लिए ड्राइवर ने ही रची थी झूठी कहानी

लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे

सुनील जाखड़ ने कहा कि लोगों में पार्टी के प्रति फैलाई गई भ्रांतियां टूट रही हैं और लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने लक्ष्य से भटकाने के लिए ही इस तरह के हमले किए जा रहे हैं, लेकिन त्याग और बलिदान से बनी यह पार्टी इससे डरने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुके हैं। रोजाना घरों में मातम का माहौल बन रहा है और जब तक घर से गया सदस्य वापस नहीं आता, परिवार चिंता में रहता है। यह पंजाब की वर्तमान स्थिति को दर्शाता है। राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ कई अभियान चलाए, लेकिन परिणाम आज भी शून्य हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या पूरे थाने का तबादला समाधान है या यह सिर्फ सजा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए एक सक्षम सरकार की जरूरत है और केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा यह प्रतिबद्धता जताई गई है कि भाजपा की सरकार बनने पर दो वर्षों में नशे का समूल नाश किया जाएगा। यह सिर्फ बयान नहीं बल्कि संकल्प है और पंजाब के लोग जानते हैं कि भाजपा अपने संकल्प पूरे करती है। उन्होंने कहा कि लोगों को भाजपा एक मजबूत विकल्प के रूप में दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में टैक्स चोरी पर सख्ती, 1137 करोड़ वसूली, 1383 करोड़ जुर्माना; चीमा बोले प्रवर्तन में बड़ा बदलाव

कांग्रेस कर चुकी आत्मसमर्पण

एक अन्य सवाल के जवाब में जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने वास्तव में आप सरकार के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सांसद फसलों के नुकसान को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें यह नहीं पता कि फसल बीमा योजना पंजाब सरकार लागू नहीं कर रही है।

फिर कांग्रेस नेता राज्य सरकार से सवाल क्यों नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि आज फसलें खराब हो रही हैं और मुख्यमंत्री ने भी छह महीने की देरी से स्वीकार किया है कि पंजाब के पास आपदा राहत कोष में 13,000 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, तो फिर किसानों की मदद क्यों नहीं की जा रही।

डीएम मामले में कार्रवाई से खफा भाजपा

पार्टी मुख्यालय पर हमले के मामले में पकड़े गए लोगों के संदर्भ में जाखड़ ने कहा कि पंजाब पुलिस सक्षम है, लेकिन नेतृत्व की कमी के कारण वह अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर पा रही। उन्होंने कहा कि एक वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन डीएम गगनदीप रंधावा मामले में न तो मंत्री का फोन खोज पाई और न ही उसके पिता व पीए को।

इससे स्पष्ट होता है कि सरकार इस मामले में न्याय नहीं देना चाहती। इसी कारण परिवार और भाजपा इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और पार्टी इस संबंध में सांसदों और विधायकों को पत्र लिखेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब सरकार ने बेअदबी से संबंधित कानून लाने में काफी देरी की है। उन्होंने मांग की कि इस कानून में मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा के बाद स्थापित मूर्तियों की बेअदबी करने वालों के लिए सजा का प्रावधान भी शामिल किया जाए।

यह भी पढ़ें- जालंधर निगम मुख्यालय में फिर रेड, चीफ विजिलेंस अफसर की दबिश; ऑपरेशन मेंटेनेंस विभाग पर गड़बड़ी के आरोप